भावुक कर देगा वीडियो: पंजाब के हुए हार्दिक, मुंबई ने किस अंदाज में कहा अलविदा? 52 सेकंड में दिखाया पूरा सफर!
हार्दिक ने मुंबई के लिए 131 मैचों में 2,122 रन और 71 विकेट लिए। मुंबई ने एक खास वीडियो में उनके साथ बिताए खास पलों को दिखाया। वीडियो के अंत में हार्दिक कैमरे की तरफ देखकर ‘बाय मुंबई’ कहते नजर आए।
विस्तार
मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक पांड्या का दूसरा कार्यकाल खत्म हो गया है। आईपीएल 2027 से पहले हुए बड़े ट्रेड के तहत वह पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। हार्दिक के जाने के बाद मुंबई ने सोशल मीडिया पर उनके लिए 52 सेकंड का एक भावुक विदाई वीडियो साझा किया। वीडियो के आखिर में हार्दिक कैमरे की तरफ देखकर ‘बाय मुंबई’ कहते नजर आए।
मुंबई इंडियंस ने वीडियो के साथ लिखा, ‘उतार-चढ़ाव और इनके बीच के हर पल में मुंबई इंडियंस की कहानी का हिस्सा बनने के लिए शुक्रिया, हार्दिक।’ वीडियो में फ्रेंचाइजी के साथ हार्दिक के सफर की झलकियां दिखाई गई हैं। इसमें टीम के कई खिलाड़ियों के साथ उनकी बातचीत और पर्दे के पीछे के कुछ अनदेखे पल भी शामिल हैं।
हार्दिक ने 2015 में 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। वह सात सीजन तक इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे और इस दौरान टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में चार खिताब जीते। इसके बाद वह 2022 में गुजरात टाइटंस से जुड़े और पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया। गुजरात ने 2023 में भी फाइनल तक का सफर तय किया।
इसके बाद हार्दिक 2024 में मुंबई इंडियंस में लौटे और टीम की कप्तानी संभाली। हालांकि, उनका दूसरा कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक को जिम्मेदारी देने के फैसले पर फ्रेंचाइजी को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना झेलनी पड़ी। टीम 2024 में अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही। अगले सीजन प्लेऑफ में पहुंचने के बावजूद खिताब नहीं जीत सकी, जबकि 2026 में टीम नौवें स्थान पर रही।
Through the highs, the lows, and everything in between, thank you for being a part of the Mumbai Indians story, Hardik.💙 https://t.co/pUqwrIwebi
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 11, 2026
आईपीएल 2026 के बाद हार्दिक के मुंबई से अलग होने की चर्चा तेज हो गई थी। चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स भी उन्हें अपने साथ जोड़ने की दौड़ में शामिल थे। हालांकि, अंत में पंजाब किंग्स ने बाजी मारी। ट्रेड के तहत हार्दिक पंजाब पहुंचे, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ गए।
मुंबई के लिए कैसे रहे हार्दिक के आंकड़े?
हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के लिए अपने दोनों कार्यकाल में कुल 131 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 2,122 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में उनके नाम 71 विकेट रहे। मुंबई के लिए उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/36 रहा, जो उन्होंने आईपीएल 2025 में लखनऊ के खिलाफ किया था।
2019 से पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। एमआई ने पंजाब किंग्स से हार्दिक के बदले अर्शदीप सिंह को अपने साथ जोड़ा है। अर्शदीप भी 18 करोड़ में एमआई से जुड़ें हैं। एमआई ने सोशल मीडिया पर अर्शदीप सिंह की एक छोटी वीडियो साझा करते हुए टीम में उनका स्वागत किया है।
India's highest wicket-taker in men’s T20Is is now a Mumbaikar! 🔥 Arshdeep Singh AALA RE! 💙 https://t.co/1N9OiZvbvv
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 11, 2026
एक अन्य पोस्ट में एमआई ने जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की फोटो साझा करते हुए लिखा है, 'प्रिय बल्लेबाजों, स्टंप उड़ेंगे, किनारे उड़ेंगे। अंगुलियां ऊपर जाएंगी। और वो पैर की उंगलियां? बेहतर होगा कि उन्हें बचाकर रखें। यह कॉम्बो जल्द ही जोड़ों में शिकार करेगा, सिर्फ टी20 आई में ही नहीं बल्कि आईपीएल में भी।'
Dear batters, Stumps will fly, edges will fly. Fingers will go up. And those toes? Better protect them. This 💀 combo will soon be hunting in pairs, not just in T20Is but also in the IPL. 🦾 https://t.co/eZaOX4bPkf
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 11, 2026
जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करती है और दुनिया की सबसे खतरनाक गेंदबाजी जोड़ी मानी जाती है। इन दोनों को साथ पाकर मुंबई इंडियंस बेहद खुश है। पंजाब किंग्स ने भी एक्स पर अर्शदीप सिंह के टीम से अलग होने की जानकारी देते हुए लिखा, 'एक युवा शेर से एक ऐसा नाम जिसने पंजाब को गर्व महसूस कराया। अर्शदीप, यहां हमेशा आपका घर रहेगा।'
Loud & Clear 💪 https://t.co/m4qezEJcZo
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 11, 2026
A journey we’ll always cherish, Arsh paa! 🫶 Forever our 🦁 https://t.co/Ws3Yunaya3
— Punjab Kings (@PunjabKingsIPL) November 11, 2026
From a young sher to a name that made Punjab proud ❤️ You'll always have a home here, Arsh paa 🫶 https://t.co/mndi0tHTWi
— Punjab Kings (@PunjabKingsIPL) November 11, 2026