इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट गंवाने के बाद टीम इंडिया को काफी आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा है। मेजबान इंग्लैंड ने टीम इंडिया को पहले टेस्ट में 31 तो दूसरे मुकाबले में पारी और 159 रन से मात दी थी। टीम इंडिया की तरफ से कोई भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। इस बीच यह कयास लगाया जा रहा है कि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीसरे टेस्ट में मौका मिल सकता है। बता दें कि तीसरा टेस्ट शनिवार (18 अगस्त) से खेला जाएगा।
गौरतलब है कि पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले में टीम इंडिया काफी संघर्ष करती नजर आई। इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को दोनों ही टेस्ट में करारी हार का सामना करना पड़ा। पहले टेस्ट में कप्तान के अलावा सारे टॉप और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज फ्लॉप रहे थे, जबकि लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में तो टीम इंडिया 150 रन तक का आंकड़ा नहीं छू सकी थी।
शनिवार से नॉटिंघम में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले इस तरह का कयास लगाया जा रहा है कि विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को मौका मिल दिया जा सकता है। बता दें कि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। हालांकि, यदि ऐसा हुआ तो यह उनका डेब्यू मैच होगा। कार्तिक दोनों ही मैचों में फ्लॉफ रहे थे।
वहीं, इस कड़ी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर का कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने तीसरे टेस्ट मैच में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए, क्योंकि पिछले दोने ही टेस्ट मैचों में दिनेश कार्तिक न तो बल्ले से ही रन बना पाएं है और न ही विकेटकीपिंग में ही वो कोई खास कमाल कर सके हैं।
बीबीसी रेडियो से बातचीत में वेंगसरकर ने कहा, 'ऋषभ पंत को प्लेइंग इलेवन में जगह देनी चाहिए। विराट कोहली के अलावा किसी बल्लेबाज को देखकर ऐसा नहीं लगा कि वो रन बना सकते हैं। इंग्लैंड हो या ऑस्ट्रेलिया आपको परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होगा। आपको वहां की परिस्थितियों के मुताबिक जल्द से जल्द खुद को ढालकर रन बनाने होंगे।'