टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईपीएल-11 में किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान होंगे। किंग्स इलेवन पंजाब के मेंटर वीरेंद्र सहवाग ने फेसबुक लाइव के दौरान अश्विन को आगामी आईपीएल में कप्तान नियुक्त किए जाने की बात कही।
31 वर्षीय अश्विन को बेंगलुरु में 27 और 28 जनवरी को संपन्न आईपीएल नीलामी में पंजाब ने 7.6 करोड़ रुपए में खरीदा था। बता दें कि अश्विन 2015 तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे। इसके बाद अगले दो साल उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, पिछले साल चोट की वजह से वह आईपीएल से बाहर रहे।
ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि चेन्नई सुपरकिंग्स वापसी करने के बाद अपने प्रमुख ऑफ स्पिनर को रिटेन करेगी, लेकिन ऐसा संभव नहीं हुआ। वैसे अश्विन को पंजाब का कप्तान बनाए जाने की खबरें पहले भी हो रही थी, लेकिन सहवाग ने इस बात को पुख्ता कर दिया है। सहवाग ने कहा कि युवराज सिंह के नाम पर भी विचार किया गया था।
सहवाग ने कहा, 'अश्विन हमारी टीम के लिए अच्छे कप्तान साबित हो सकते हैं। मैंने युवराज सिंह से भी इस संबंध में बात की थी। हम दोनों अच्छे दोस्त हैं। मगर जब बात क्रिकेट की आती है तो दोस्ती को अलग करके सोचना पड़ता है।' बता दें कि अश्विन का आईपीएल में प्रदर्शन शानदार रहा है।
उन्होंने वर्ष 2009 से लेकर 2017 तक कुल 111 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 6.55 की इकानॉमी रेट और 25 की औसत से 100 विकेट लिए। आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देकर 4 विकेट है। उन्होंने यह प्रदर्शन 2016 में पुणे के लिए खेलते हुए किया था।