टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी के लिए इंग्लैंड के खिलाफ संपन्न तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज शानदार बीती। उन्होंने प्रत्येक मैच में रिकॉर्ड बनाया और रविवार भी अछूता नहीं रहा। एमएस धोनी टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या इससे अधिक कैच लेने वाले विश्व के पहले विकेटकीपर बन गए हैं।
इसके अलावा धोनी एक टी-20 इंटरनेशनल पारी में विकेट के पीछे 5 कैच लेने वाले भी विश्व के पहले विकेटकीपर बने हैं। धोनी ने एक ही दिन दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए और नंबर-1 बन गए। इसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि 7 नंबरी एमएस धोनी के लिए अब नंबर-1 भी लकी चार्म बन गया है। यह दो रिकॉर्ड इसे बखूबी साबित करते हैं।
धोनी ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में पांच कैच लेने के अलावा एक रनआउट भी किया। वैसे, इससे पहले धोनी दो मौकों पर एक टी-20 इंटरनेशनल मैच में चार-चार कैच लेने का कारनामा कर चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2010 में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में चार कैच लपके थे। फिर दो साल के बाद कोलंबो में पाक के खिलाफ धोनी ने यह कारनामा दोहराया था।
धोनी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट (4 कैच) बनाम जिम्बाब्वे साल 2007 और इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ भी। इसके अलावा इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर मैट प्रायर (4 कैच) बनाम दक्षिण अफ्रीका साल 2007 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
बहरहाल, बता दें कि धोनी ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर के 93वें मैच में 50 कैच लपकने का रिकॉर्ड स्थापित किया। धोनी ने डेब्यू मैच खेल रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर की गेंद पर जेसन रॉय को कैच आउट किया और अपने कैचों की हाफ सेंचुरी पूरी की। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 में पांच कैच पकड़ धोनी ने अपने कैचों की संख्या को 54 तक पहुंचा दिया।