टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सोमवार को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 56 रन देकर छह विकेट झटके। हालांकि, शमी ने स्वीकार किया कि टीम इंडिया को पर्थ टेस्ट में एक विशेषज्ञ स्पिनर की कमी खली क्योंकि आॅस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने अभी तक 7 विकेट झटक लिए हैं। बता दें कि 287 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने चौथे दिन स्टंप्स तक 5 विकेट खोकर 112 रन बना लिए हैं।
दिन का खेल समाप्त होने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, टीम प्रबंधन इस तरह के फैसले करता है। हम कुछ नहीं कर सकते। हमारे पास एक स्पिनर था, जिसने खराब गेंदबाजी नहीं की। मगर आप अगर मुझसे पूछोगे तो कहूंगा कि पर्थ टेस्ट में एक स्पिनर की जरूरत है। हालांकि, यह फैसला टीम प्रबंधन का होता है।'
शमी ने इसके अलावा टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, हमारे पास इस समय विश्व के सबसे ताकतवर तेज गेंदबाजों का समूह है। सभी अच्छे तेज गेंदबाज हैं, जो अच्छी लाइन व लेंथ पर गेंदबाजी कर रहे हैं। चार साल पहले हम इतने अनुभवी नहीं थे, लेकिन अब आपको हमारी सटीकता में फर्क दिखता होगा।'
अपनी करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के बारे में बात करते हुए शमी ने कहा, 'मेरी कोशिश हमेशा अच्छी लाइन और लेंथ की गेंदबाजी करने की होती है। बाकी आपके भाग्य पर निर्भर करता है कि विकेट मिलेंगे या नहीं। आपकी सोच अच्छी होनी चाहिए। अगर आप टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हो तो लाइन और लेंथ अच्छी होनी चाहिए। आपको विकेट अपने आप ही मिल जाएंगे।'
उन्होंने आगे कहा, 'कभी जब बल्लेबाज अच्छी साझेदारी कर लें तो आपको इंतजार करना होता है। इस तरह के विकेट पर विशेषकर जहां गेंद बार—बार बल्लेबाज को बीट करते हुए कीपर के पास जा रही हो। ऐसा नहीं है कि मैंने खराब गेंदें डाली, लेकिन कभी ऐसा भी होता है कि अच्छी गेंदों पर भी विकेट नहीं मिलता। फिर जैसे ही विकेट मिलता है तो लय बदल जाती है।'