टीम इंडिया के बल्लेबाज केएल राहुल इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने आईपीएल 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेलते हुए अपनी छाप छोड़ी। राहुल ने आईपीएल में जब अपना पहला मैच खेला तो टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेर्धशतक जमा दिया। इसके बाद तो लगा कि राहुल अपनी बल्लेबाजी के कारण सुर्खियों में बने रहेंगे।
हालांकि, इससे उलट वह पिछले कुछ दिनों से एक बॉलीवुड एक्ट्रेस के साथ डेटिंग की खबरों के कारण चर्चित हो रहे हैं। जी हां, राहुल और निधि अग्रवाल को हाल ही में मुंबई में एकसाथ डिनर करके बाहर जाते देखा गया। इन दोनों के फोटोज ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। तब से यही खबर आ रही है कि केएल राहुल और निधि अग्रवाल लाइमलाइट में आने वाली नई जोड़ी बन गई है।
बहरहाल, राहुल इन खबरों से बहुत निराश हैं और उन्होंने सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है। एनडीटीवी से बातचीत करते हुए स्टार बल्लेबाज ने सभी संदेह को स्पष्ट किया और साथ ही मीडिया पर अपना गुस्सा भी निकाला। किंग्स इलेवन पंजाब के बल्लेबाज ने सवाल किया कि क्या एक लड़का और लड़की अच्छे दोस्त नहीं हो सकते।
राहुल ने खुलासा किया कि वह निधि को काफी समय से जानते हैं और डिनर के समय वह दोनों एकसाथ नहीं थे। राहुल-निधि के साथ बेंगलुरु के उनके कुछ साथी भी वहां मौजूद थे। राहुल ने यह भी कहा कि अगर वह किसी को पसंद करेंगे तो मीडिया से बिलकुल भी नहीं छिपाएंगे। 26 वर्षीय ने कहा, 'क्या एक लड़का और लड़की दोस्त नहीं हो सकते? मैं निधि को काफी समय से जानता हूं, हम दोनों एक ही शहर के हैं। यह देखकर अच्छा लगता है कि वह अपनी फील्ड में प्रगति कर रही है।'
राहुल ने आगे कहा, 'मैं और निधि एक-दूसरे को तब से जानते हैं जब मैं क्रिकेटर और वह बॉलीवुड एक्ट्रेस नहीं थी। उस दिन बस मैं और वो नहीं घूम रहे थे। बैंगलोर के हमारे कुछ साथी भी वहां मौजूद थे। दोस्तों से मिलना हमेशा अच्छा लगता है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि अगर किसी को पसंद किया तो कभी छिपाउंगा नहीं।'