किंग्स इलेवन पंजाब के ओपनर केएल राहुल ने इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रही प्रतिद्वंद्वी टीमों को खुली चुनौती देते हुए कहा, 'क्रिस गेल से बचकर रहे, वह अपने सर्वश्रेष्ठ विस्फोटक फॉर्म में लौट चुके हैं।'
गेल ने रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल 2018 में अपना पहला मैच खेला और केवल 22 गेंदों में अर्धशतक जमाकर किंग्स इलेवन पंजाब के विशाल स्कोर की नींव रखी। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 197 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 5 विकेट खोकर 193 रन बना सकी। पंजाब ने मुकाबला चार रन से जीता।
3 of 5
क्रिस गेल और केएल राहुल
- फोटो : ipl
राहुल ने कहा, 'हमारी टीम के लिए खुशखबरी है जबकि अन्य टीमों के लिए बुरी खबर कि क्रिस गेल गेंद पर अच्छे से प्रहार कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि वह इस तरह के खिलाड़ी हैं जो अकेले के दम पर टीम को जीत दिला सकते हैं। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने यह करके दिखाया। हम उन्हें अपनी टीम में चाहते हैं और उन्हें इसी प्रकार आगे भी खेलते देखना चाहते हैं।'
याद हो कि आईपीएल 2018 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में क्रिस गेल को दो राउंड में कोई खरीददार नहीं मिला था। तीसरे राउंड में किंग्स इलेवन पंजाब ने गेल को उनकी बेस प्राइस दो करोड़ रुपए में खरीदा था। इसी प्राइस पर पंजाब ने युवराज सिंह को भी खरीदा था। किंग्स इलेवन पंजाब अपने होम ग्राउंड पर अगला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी।
क्रिस गेल ने रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 33 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रन की तूफानी पारी खेली। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने आईपीएल करियर की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जमाई।