भारतीय कप्तान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन के बीच शब्दों की जंग से दूसरे टेस्ट में एक तनाव का माहौल बन गया। कोहली और पेन के बीच आपसी तनाव से पूरा क्रिकेट जगत हैरान है। बता दें कि टीम इंडिया को दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 146 रन के विशाल स्कोर से करारी हार झेलनी पड़ी। आइए जानते हैं भारतीय कप्तान कोहली ने कंगारू कप्तान को क्या कहाः
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के एक क्रिकेट लेखक रोबर्ट क्रैडॉक ने दावा किया है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को कहा, 'मैं दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हूं और तुम केवल एक कार्यवाहक कप्तान हो।' दोनों कप्तानों के बीच मैदान पर भी तनातनी देखने को मिली।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट लेखक रोबर्ट क्रैडॉक ने 'क्रिकेट360' को बताया कि, विराट ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पिन को 'सिर्फ एक कार्यवाहक कप्तान' कहने की कोशिश कैसे की। हालांकि, क्रैडॉक के अनुसार कोहली के 'दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' वाले बयान पर टिम पेन ने कहा, 'मुझे परवाह नहीं है कि क्या आप दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं, आपको इस तरह की बातों से सावधान रहना होगा।'
इस बीच गावस्कर ने कहा, 'इस तरह की स्थिति में हम हमेशा हार जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया हमेशा इस तरह की खेल खेलने के लिए जाना जाता है, हम नहीं। इस प्रकार का क्रिकेट खेलना हमारे डीएनए में ही नहीं है। यदि टीम में हर कोई इसे अपना सकता है तो आपको भी ध्यान रखना होगा। यहां तक कि हमने भी इसे शुरू कर दिया है।'
बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। टीम इंडिया ने सीरीज का पहला मुकाबला 31 से जीता था, जबकि दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को कंगारूओं से 146 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। दोनों टीमों के बीच अब तीसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।