चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने हाल ही में दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी से जुड़ी एक अनसुनी कहानी साझा की है। रैना ने आईपीएल 2014 के क्वालिफायर दो में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से सीएसके की हार के बाद के वाकये को याद किया। उन्होंने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम में दिल तोड़ने वाली हार के बाद उन्होंने कभी धोनी को इतने गुस्से में नहीं देखा जितना वह उस वक्त दिख रहे थे। उन्होंने आगे खुलासा किया कि धोनी ने ड्रेसिंग रूम में पैड और हेलमेट फेंककर अपना गुस्सा निकाला था।
उन्होंने कहा, 'मैंने धोनी को कभी इतने गुस्से में नहीं देखा। उन्होंने उस मैच के बाद इसे जाहिर भी किया था। उन्होंने कहा कि हम रन नहीं बनाते, हम यह नहीं करते। उन्होंने ड्रेसिंग रूम में अपने पैड और हेलमेट फेंक दिए। वह चिढ़ गए थे कि हम वह मैच कैसे हार गए, क्योंकि हमें जीतना चाहिए था। वह गुस्से में थे क्योंकि हम एक ऐसा मैच हार गए थे जिसे हमें किसी भी हालत में नहीं गंवाना चाहिए थे। अगर हम वह मैच जीतते तो उस साल आईपीएल भी जीत गए होते।
उस मैच की बात करें तो क्वालिफायर दो में चेन्नई के सामने पंजाब की चुनौती थी। पंजाब ने क्वालिफायर-दो में पहले बल्लेबाजी करते हुए 226/6 का विशाल स्कोर बनाया था। वीरेंद्र सहवाग ने 58 गेंदों में 122 रन की पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने सिर्फ 19 गेंदों पर 38 रन बनाए थे। जवाब में रैना ने सिर्फ 25 गेंदों में 87 रन बनाकर सीएसके को तेज शुरुआत दिलाई थी। हालांकि, सीएसके 24 रन से मैच हार गई और धोनी 31 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
धोनी को बाद में उनकी धीमी पारी के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। मैच में अपनी पारी को याद करते हुए रैना ने कहा कि उन्हें लगा कि उस रात उन्हें कोई नहीं रोक सकता था। उन्होंने कहा- मुझे लगा मैं किसी के वश में हूं। पिछले दिनों मैंने एक सपना देखा था कि मैं कुछ खास करूंगा। मैं गेंद को फुटबॉल की तरह देख रहा था। हालांकि, मैं रन आउट हो गया। जो गेंद मेरे बल्ले से टकरा रही थी, उससे मुझे बहुत अलग आवाज आ रही थी। मुझे ऐसा लग रहा था कि मुझे कोई नहीं रोक सकता।
क्वालिफायर-दो जीतने के बाद पंजाब का फाइनल में सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ था। कोलकाता ने वह सीजन अपने नाम किया था। उन्होंने 2012 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी उठाई थी। रैना ने 2021 के बाद आईपीएल से भी संन्यास ले लिया था। 2021 में वह सीएसके के साथ चौथी बार चैंपियन बने थे। अब वह आईपीएल की कमेंट्री पैनल में शामिल हैं।