भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत से एक दिन पहले कप्तान शुभमन गिल को लेकर भारत के दो पूर्व कोच का बयान सामने आया है। दोनों ने ही गिल को लेकर अलग-अलग राय रखी है। टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बना चुके पूर्व कोच गैरी कर्स्टन ने गिल का समर्थन करते हुए कहा है कि बतौर कप्तान यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धूम मचाने के लिए तैयार है। वहीं, पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि गिल के सामने इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में टीम की अगुआई करने की कड़ी चुनौती है और इस चुनौतीपूर्ण दौरे पर सफल होने के लिए उन्हें काफी धैर्य दिखाना होगा।
गिल की कप्तानी वाली आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के मेंटर रहे कर्स्टन का मानना है कि 25 वर्षीय गिल में अच्छे नेतृत्वकर्ता बनने के सभी गुण मौजूद हैं। कर्स्टन ने जियो हॉटस्टार से कहा, 'मुझे लगता है कि शुभमन एक बेहतरीन कप्तान साबित होंगे। वह एक स्मार्ट क्रिकेटर हैं। उनके पास खेल के लिए अच्छा दिमाग है और वह अपने खेल को समझते हैं। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं और एक अच्छे इंसान हैं, जो मुझे लगता है कि बहुत महत्वपूर्ण है।'
3 of 5
गैरी कर्स्टन
- फोटो : ANI
कर्स्टन ने कहा, 'शुभमन के बारे में मुझे जो एक बात सबसे ज़्यादा पसंद है, वह यह है कि वह जो कहते हैं, वही करते हैं। वह बहुत मेहनती हैं और यह बात दूसरे खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन उदाहरण है। मुझे लगता है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं।' वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने कहा, 'गिल को अभी टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करनी होगी। विरासत तैयार करने और किंवदंती बनने में समय लगता है। विराट कोहली से उनकी तुलना करना सही नहीं है। हमने उन्हें कप्तान के रूप में देखा है और उनमें अच्छा कप्तान बनने की क्षमता है।'
4 of 5
रवि शास्त्री और विराट कोहली
- फोटो : ANI
वहीं, रवि शास्त्री ने 'द आईसीसी रिव्यू' पर 25 वर्षीय गिल का मार्गदर्शन करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि गिल को समय लेना चाहिए। यह आसान नहीं होने वाला है। गिल को एक कठिन काम करने के लिए कहा गया है और यह है इंग्लैंड दौरे पर भारत की कप्तानी करना।' गिल के टेस्ट करियर के अभी शुरुआती दिन हैं, इस युवा खिलाड़ी ने दिसंबर 2020 में डेब्यू के बाद से 32 मैचों में 35.05 की औसत से 1893 रन बनाए हैं।
बल्लेबाजी के अलावा, इंग्लैंड में गिल के नेतृत्व कौशल की भी परीक्षा होगी, जहां भारत ने पिछली बार 2007 में टेस्ट सीरीज जीती थी। शास्त्री का मानना है कि इंग्लैंड का दौरा गिल के लिए सीखने का मौका हो सकता है। उन्होंने कहा, 'यह दौरा कभी आसान नहीं होता, लेकिन मुझे लगता है कि वह इस अनुभव से सीखेंगे। गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल में मैंने उन्हें जो देखा, वह बहुत ही संयमित और शांत थे। उनका स्वभाव अच्छा है। वह एक व्यक्ति के रूप में परिपक्व हो चुके हैं। उनके साथ कुछ युवा खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि यह गिल के सीखने का समय है।'