पाकिस्तान के क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को पाकिस्तान चुनाव 2018 जीतने का भरोसा है। इमरान खान की पार्टी पीटीआई इस समय सीटों के मामले में आगे चल रही है। याद हो कि इमरान खान ने अपनी कप्तानी में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 1992 विश्व कप का चैंपियन बनाया था। इमरान के प्रति पाक टीम के कई पूर्व क्रिकेटरों ने समर्थन जताया और उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए एड़ी-चोटी की ताकत झोंकी।
इमरान खान की लोकप्रियता काफी है और उनके प्रति समर्थन के लिए ट्विटर पर हैशटैग वोट फॉर कप्तान और हैशटैग बिहांइड यू स्किपर भी ट्रेंड में रहे। चलिए हम आपको बतातें हैं कि इमरान खान को पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनाने के लिए किन पांच क्रिकेटरों ने जमकर प्रचार किया।
वसीम अकरम - इमरान खान के पूर्व टीम साथी वसीम अकरम ने अपने कप्तान का जमकर प्रचार किया। 'स्विंग के सुल्तान' अकरम ने हाल में ट्वीट करके पूर्व पाक कप्तान के प्रति समर्थन जाहिर किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'आपकी कप्तानी में हम 1992 में वर्ल्ड चैंपियन बने थे। अब आपके ही नेतृत्व में हम दोबारा लोकतांत्रिक देश बन सकते हैं। चलिए नए पाकिस्तान के लिए कप्तान को वोट करें।
वकार यूनिस - इमरान खान के नेतृत्व में ही पाकिस्तान को वकार यूनिस के रूप में एक और विश्वस्तरीय तेज गेंदबाज मिला। यूनिस ने अपने कप्तान के समर्थन में कहा, 'आपको वह मिला, जो इसने दिया कप्तान, लेकिन यह आपसे सबकुछ लेगा जो आपके पास है। कोई आपकी ईमानदारी पर संदेह नहीं कर सकता और इसी की हमारे देश को जरूरत है। देश को एक ईमानदार लीडर की जरूरत है। हम आपके साथ हैं कप्तान।'
जावेद मियांदाद - एक चैनल से बातचीत करते हुए मियांदाद ने कहा था, 'वर्तमान में प्रधानमंत्री पद के लिए इमरान खान सर्वश्रेष्ठ उम्मीद्वार हैं। मैं गारंटी देता हूं कि कोई उनकी बराबरी नहीं कर पाएगा। पहले भी लोगों को आजमाया और टेस्ट किया जा चुका है। अब इमरान खान का समय है। आवाम उन्हें नजरअंदाज करके मूर्खता करेगी।'