महेंद्र सिंह धोनी के नाम वैसे तो क्रिकेट में कई कीर्तिमान और उपलब्धियां दर्ज हैं, लेकिन मैदान में उनके द्वारा खेला जाने वाला एक शॉट पूरी दुनिया में मशहूर और चर्चित है। इसका नाम है 'हेलीकॉप्टर शॉट', एक ऐसा शॉट जिसे खुद धोनी ने इजाद किया और आज भी उनके बल्ले से निकलने वाला यह हवाई शॉट दर्शकों का पसंदीदा है।
Dhoni Birthday: कैसे आई धोनी में इतनी ताकत, चार तस्वीरों से समझिए हेलीकॉप्टर शॉट का पूरा गणित
हेलीकॉप्टर शॉट का इतिहास
कहा जाता है कि धोनी ने अपने बचपन के दोस्त और झारखंड के पूर्व खिलाड़ी संतोष लाल से यह शॉट सीखा। धोनी ने अपने दोस्त से शुरुआती दौर में इस शॉट को खेलना सीखा और फिर बड़े स्तर पर इसका इस्तेमाल शुरू किया और देखते-देखते इसे अपना ट्रेडमार्क शॉट बना गए। दुर्भाग्य से, लाल का 29 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
धोनी से पहले सचिन ने खेला था यह शॉट
भले ही हेलीकॉप्टर शॉट धोनी की वजह से मशहूर हुआ और उनके नाम के साथ जुड़ा, लेकिन उनसे पहले दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने भी एक मैच में इस शॉट को लगाया था। हालांकि सचिन और धोनी के शॉट में तकनीक और ताकत का फर्क था। दरअसल सचिन ने 2002 में ऐसे ही एक शॉट को इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर-ले-स्ट्रीट, डरहम में वन-डे मैच के दौरान खेला था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बार धोनी ने खेला शॉट
धोनी का यह शॉट पहली बार 2006 में गोवा में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच के दौरान देखने को मिला था। धोनी ने इसे स्टैंड की तरफ उठाकर खेला था। इसके बाद अंग्रेजी के महान ऑलराउंडर इयान बॉथम ने चकित होकर रेडियो पर कहा: बस इस शॉट में बैक-लिफ्ट और फॉलो-थ्रू देखें! निश्चित तौर पर नहीं मालूम कि उसने वहां क्या किया, लेकिन यह बहुत प्रभावी था, लगभग अपने पैरों के दम पर घूम गया।
कैसे मिला हेलीकॉप्टर नाम?
यह दिलचस्प है कि 2011 में पेप्सी के एक ऐड में धोनी को एक व्यक्ति चारा काटने वाली मशीन चलाना सीखाता है और फिर धोनी से कहता है कि बहुत बढ़िया, अब वहां पर भी ऐसे ही करना'। इस ऐड में अंत में कहा जाता है कि पेप्सी हेलीकॉप्टर शॉट का आधिकारिक स्पांसर।