इंग्लैंड के वन-डे और टी-20 टीम के कप्तान और आक्रामक बल्लेबाज इयोन मॉर्गन ने आगामी श्रीलंका दौरे को देखते हुए अपनी शादी को टाल दिया है। गौरतलब है कि इंग्लैड की टीम टेस्ट और वन-डे मैच खेलने के लिए श्रीलंका दौरे पर जाएगी। हालिया प्लान के मुताबिक इंग्लैंड 30 सिंतबर 2018 को कोलंबो के लिए रवाना होगी। इसी बीच अंग्रेजी समाचार पत्र 'डेली मेल' में छपी रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट ने टूर में कुछ बदलाव किया है, जिसके चलते मोर्गन को अपनी शादी टालना पड़ा। हालांकि, क्या बदलाव किया है इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
2 of 5
इयोन मोर्गन
- फोटो : crictracker
बता दें कि मोर्गन इसी साल अक्टूबर में अपना मंगेतर तारा रिजग्वे से शादी करने वाले हैं। यदि उसी महीने वन-डे खेलना पड़ा तो कप्तान मोर्गन के लिए मुश्किल हो जाएगा। इसलिए उन्होंने अपनी शादी को होल्ड पर रखा है। बता दें कि मोर्गन की मंगेतर तारा ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली है। हालांकि, इसके बाद वो कब शादी करेंगे इसके बारे में फिलहाल कोई जिक्र नहीं किया गया है।
31 साल के मोर्गन का इंग्लैंड की नेशनल टीम में अच्छा योगदान रहा है और वह साल 2019 में होने वाले वर्ल्ड कप को लेकर अपनी पूरी तैयारी में लगे हुए हैं। खासतौर पर मोर्गन अपने आक्रामक पारी के लिए जाने जाते हैं। इसका हालिया उदाहरण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ देखने को मिला। वन-डे में इंग्लैंड ने कंगारूओं को करारी मात दी। उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। हाल ही में उन्होंने रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड को तोड़ कर इतिहास रच दिया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अपनी 41 रनों की पारी के दौरान उन्होंने ये कारनामा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड रिकी पोटिंग के नाम था जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच हुए द्विपक्षीय सीरीज में 1598 रन बनाए थे लेकिन मोर्गन ने अब ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रिकी पोटिंग ने इंग्लैंड के खिलाफ 39 वनडे मैच खेले थे जिसमें 48.42 की औसत से उन्होंने 5 शतक और 8 अर्धशतक लगाए थे। वहीं, 45वें वनडे में मोर्गन ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। मोर्गन को यह रिकॉर्ड तोड़ने में 44 पारियां लगी जबकि पोटिंग ने 38 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी।
मालूम हो कि साल 2014 में एलिस्टेयर कुक के कप्तानी छोड़ने के बाद 2015 वर्ल्ड कप से कुछ ही महीने पहले ही उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मोर्गन ने टीम का नेतृत्व काफी अच्छे तरीके से किया और इसका जबरदस्त प्रभाव देखने को मिला है।