दो साल का बैन झेलने के बाद धमाकेदार वापसी करने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग सीजन-11 का खिताब जीत लिया है। इसी के साथ चेन्नई ने तीसरी बार इस खिताब पर कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की है।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने शेन वॉटसन (117*) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत आईपीएल 2018 का खिताब अपने नाम कर लिया है। सीएसके ने फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। सीएसके की इस जीत में चेन्नई के फैंस की भी काफी अहम भूमिका रही है।
स्टेडियम के अंदर और बाहर फैंस के लगातार जबर्दस्त सपोर्ट ने आखिरकार चेन्नई को चैंपियन बना ही दिया। हालांकि अब चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने फैंस का शुक्रिया अदा करने के लिए एक नया प्लान बनाया है।
रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स की पूरी टीम आज चेन्नई पहुंच रही है। धोनी के साथ टीम के अन्य खिलाड़ी भी इस दौरान मौजूद रह सकते हैं। दरअसल धोनी अपनी इस जीत को फैंस के बीच सेलिब्रेट करना चाहते हैं।
बता दें कि अपने घरेलू मैदान चेन्नई में सीएसके मात्र एक मैच खेल सकी है, जिसका मलाल खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस को भी है। इसे ध्यान में रखते हुए धोनी ने कहा कि अब हम चेन्नई जाएंगे जहां फैंस और करीबियों से मुलाकात होही और शाम में जीत का जश्न होगा।