भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जा रहा है। इस सीरीज में भारत 2-1 की बढ़त बनाने से महज दो विकेट दूर हैं। बता दें कि पिछले 10 सालों में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने सबसे खराब दौर से गुजर रही है। मौजूदा सीरीज में बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन इसका बड़ा उदाहरण है।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए श्राप बना 2018, 10 सालों में नहीं हुआ इतना बुरा हाल
अब तक खेले गए कुल तीन मुकाबलों में किसी भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने शतक नहीं लगाया है, जबकि भारतीय टीम से कुल तीन शतक ठोके जा चुके हैं। इसमें दो चेतेश्वर पुजारा जबकि एक कप्तान कोहली ने लगाया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी का बुरा हाल न सिर्फ इस सीरीज में बल्कि पूरे साल रहा है। साल 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टेस्ट क्रिकेट में कुल चार शतक लगाए हैं। इसमें उस्मान ख्वाजा के नाम दो शतक हैं तो वहीं मिचेल मार्श और शॉन मार्श के नाम एक-एक शतक है।
इनमें से तीन शतक तो एक ही मैच में लगाए गए थे। एशेज 2017-18 के आखिरी मैच में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में खेले गए इस मैच में उस्मान ख्वाजा (171), शॉन मार्श (156) और मिचेल मार्श (101) ने शतक जड़ा था। इसके बाद से केवल उस्मान ख्वाजा ने दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ 141 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा पूरे साल किसी भी बल्लेबाज ने सेंचुरी नहीं जड़ी है।
पिछले 10 सालों में बल्लेबाजों का प्रदर्शन
साल 2010 - 12 सेंचुरी, 49 अर्धशतक
साल 2011 - 8 सेंचुरी, 25 अर्धशतक
साल 2012 - 15 सेंचुरी, 39 अर्धशतक
साल 2013 - 14 सेंचुरी, 56 अर्धशतक
साल 2014 - 16 सेंचुरी, 37 अर्धशतक
साल 2015 - 21 सेंचुरी, 53 अर्धशतक
साल 2016 - 12 सेंचुरी, 33 अर्धशतक
साल 2017 - 15 सेंचुरी, 37 अर्धशतक
साल 2018 - 4 सेंचुरी, 26 अर्धशतक