ऑस्ट्रेलिया में दो महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले गए एक मुकाबले में कई ऐसे नए कीर्तिमान स्थापित हुए जिनका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। एडिलेड में खेले गए 50 ओवर के इस एकदिवसीय मैच में नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स ने 3 विकेट के नुकसान पर 596 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इससे भी बड़ी बात यह है कि विपक्षी टीम पोर्ट एडिलेड ने 25 रन के स्कोर अपने सभी विकेट गंवा दिए और नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स ने यह मैच 571 रन के भारी अंतर से जीत लिया। पोर्ट एडिलेड टीम की चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाईं।
नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स की तरफ से कप्तान टेगन मैकफारलिन, सैम बैट्स, तबिता सिवले और डेरिक ब्राउन ने शतक लगाए। मैकफारलिन 80 गेंदों पर 136 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं। बैट्स ने 71 गेंदों में 124 नाबाद, सिवले ने 56 गेंदों में 120 और ब्राउन ने 84 गेंदों पर नाबाद 117 रन बनाए।
पोर्ट एडिलेड की टीम ने नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स को इस मैच में 88 अतिरिक्त रन भी दिए, जिसमें कुल 75 वाइड बॉल भी थे। नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स ने 64 चौके लगाए, लेकिन टीम सिर्फ तीन ही छक्के लगा पाई। जवाब में पोर्ट एडिलेड की टीम 10।5 ओवर ही खेल सकी।
जीत के बाद नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स की कप्तान मैकफारलिन ने कहा, 'इतना विशाल स्कोर बनाना कल्पना सा लगता है। हमने सिर्फ अपना नेचुरल गेम खेला और रनों का ढेर अपने आप बढ़ता चला गया।' बता दें कि लिस्ट ए के मैचों में 2007 में श्रीलंका की कांड्यन लेडीज ने पुष्पांदाना लेडीज के खिलाफ 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 632 रन बनाए थे। जवाब में पुष्पांदाना लेडीज केवल 18 रनों पर आउट हो गई थी। कांड्यन लेडीज ने 614 रनों से यह मैच जीता था।