Chandigarh: चंडीगढ़ के कॉलेज में रैगिंग का वीडियो वायरल, छात्र को मार रहे लात, लड़कियां भी शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-12 स्थित चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर (सीसीए) में रैगिंग का मामला सामने आया है। शुक्रवार को इसका वीडियो वायरल होने पर कॉलेज में हड़कंप मच गया। रैगिंग कॉलेज के फूड कोर्ट के पास खुले स्थान पर की गई, जहां पहले वर्ष के एक छात्र को दो सीनियर छात्रों ने हाथ और पैर से पकड़कर हवा में उठाया फिर अन्य छात्रों ने उसे लात मारी। रैगिंग में लड़कियां भी शामिल रहीं। हैरानी की बात है कि घटना के वक्त 50 से ज्यादा विद्यार्थी खड़े होकर हंसते और तमाशा देखते रहे।
जिस समय सीनियर छात्रों की ओर से रैगिंग की जा रही थी उसी दौरान उन्हीं में से एक छात्र ने वीडियो बना ली। वीडियो को शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में दो छात्र एक जूनियर लड़के का हाथ-पैर पकड़े नजर आ रहे हैं जबकि दो छात्र उसे लात मार रहे हैं। इसी बीच एक विद्यार्थी आकर बोलता है कि कोई और पहले वर्ष का छात्र बचा है तो वो भी आ जाए या कोई लड़की अगर इसे मारना चाहती है तो वह भी आ सकती है। इस बीच वहां खड़े विद्यार्थी हंस रहे हैं। किसी ने भी रैगिंग रोकने की कोशिश नहीं की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब पहले वर्ष के छात्र को मारा जा रहा है तो वह दर्द से कराह रहा है। वहीं एक सीनियर लड़की भी पहले वर्ष के छात्रों को कह रही है कि वह सभी एक साइड हो जाएं। वीडियो के आधार पर ही अब कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कॉलेज प्रशासन तक पहुंची शिकायत
कॉलेज के एक छात्र ने कॉलेज प्रशासन को गुरुवार को ही इसकी सूचना दे दी थी, जिसे लेकर कॉलेज ने जांच कमेटी गठित कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला लोगों तक पहुंचा। शहर के कॉलेजों और पंजाब यूनिवर्सिटी के सोशल मीडिया पेजों पर वीडियो को शेयर कर छात्रों पर कार्रवाई की मांग की गई और इसे गलत बताया जा रहा है।
कॉलेज प्रशासन को छात्रों की ओर से रैगिंग की जानकारी गुरुवार को दे दी गई। इसके बाद कॉलेज की ओर से फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई गई है। वहीं फूड कोर्ट एरिया की सीसीटीवी फुटेज भी निकलवा ली गई है। फुटेज के आधार पर रैगिंग करने वाले छात्रों की पहचान की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी जिससे भविष्य में किसी अन्य छात्र को परेशान न किया जाए। - डॉ संगीत मेहता, प्रिंसिपल, सीसीए-12।
- यूजीसी ने कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे एंटी-रैगिंग कमेटी, एंटी-रैगिंग स्क्वॉयड, एंटी-रैगिंग सेल और कॉलेज के प्रमुख जगहों पर कैमरे इंस्टॉल करें।
- कॉलेज परिसर में एंटी-रैगिंग वर्कशॉप का आयोजन करें।
- स्टूडेंट्स के साथ लगातार बातचीत की जाए और काउंसलिंग सेशन का आयोजन किया जाए।
- एंटी-रैगिंग वार्निंग को कॉलेज के ई-इंफोर्मेशन बुकलेट में सुनिश्चित किया जाए।
- हॉस्टल, स्टूडेंट्स एकोमोडेशन, कैंटीन, रिक्रिएशनल रूम्स, टॉयलेट, बस स्टैंड जैसी जगहों पर औचक निरीक्षण किया जाए और इसके साथ ही एडमिशन सेंटर, डिपार्टमेंट, लाइब्रेरी, कैंटीन, हॉस्टल, कॉमन फैसिलिटी जैसी जगहों पर एंटी-रैगिंग पोस्टर लगाए जाएं।
- रैगिंग जैसी समस्याओं से परेशान छात्र नेशनल एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5522 पर कॉल कर सकते हैं या एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन ईमेल helpline@antiragqins.in पर मेल भी कर सकते हैं।