पहली बार पंचकूला में 'श्रीनगर' जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। हर ओर पुलिस, कमांडो और बैरिकेट्स ही दिखाई दे रहे हैं।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के साध्वी मामले में 25 अगस्त को फैसले की तारीख को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 24 और 25 अगस्त को शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूल और कॉलेज को बंद रखने का फैसला लिया है।
वकीलों ने भी तीन दिनों तक वर्क सस्पेंड करने का फैसला लिया है। वहीं सूत्रों के अनुसार पंचकूला में अब तक 1.5 लाख से ज्यादा डेरा समर्थक पहुंच चुंके हैं। पंचकूला के सेक्टर 23 के डेरा सच्चा सौदा के नाम चर्चा घर में ये लोग हरियाणा, पंजाब व आसपास के कई राज्यों से पहुंच रहे हैं।
सड़कों व मैदानों में ये लोग गर्मी और बुरे हालात में रुके हुए हैं। वे लोग किसी भी हाल में यहां से हटने को तैयार नहीं हैं। डेरा समर्थकों के अड़ियल रवैये को देखते हुए पुलिस भी असमर्थ नजर आ रही है।
वहीं एक सवाल ये भी उठ रहा है कि अगर पूरे राज्य में धारा-144 लगी हुई है तो लाखों की संख्या में लोग पंचकूला में इक्ट्ठे कैसे हो सकते हैं?