देश के एक गांव से शुरू हुए 'सेल्फी विद डॉटर' अभियान से क्रिकेटर सचिन तेंदूलकर और राष्ट्रपति मुखर्जी भी जुड़ चुके हैं। देखिए नामी हस्तियों की सेल्फी।
हरियाणा के जींद जिले के गांव बीबीपुर से दो साल पहले 9 जून 2015 में यह अभियान शुरू किया गया था। गांव के सरपंच सुनील जागलान ने पहल की थी और उनके इस कदम को प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सराहा था। उन्होंने लंदन और अमेरिका में अपनी यात्रा के दौरान भी इसका जिक्र किया।
अभियान शुरू करने के बाद 9 जून 2016 में सेल्फी के लिए ऑनलाइन म्यूजियम शुरू किया गया। इस म्यूजियम में अब तक 23 हजार सेल्फी अपलोड हो चुकी हैं। इनमें राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और सचिन तेंदुलकर जैसी हस्तियां भी शामिल हैं। 9 जून 2017 को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा लांच किए गए मोबाइल ऐप के बाद इस मुहिम को नई गति मिली है।
सुनील जागलान ने बताया कि फौगाट बहनें, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू और साइना नेहवाल भी सेल्फी अपलोड कर चुकी हैं। अब सचिन तेंदुलकर ने बेटी सारा के साथ सेल्फी अपलोड की है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने 9 जून को ही बेटी के साथ सेल्फी इस पर अपलोड की थी और अब यह अभियान देश में सराहा जा रहा है।
बेटियों को सम्मान दिलवाने का प्रयास
यह अभियान बेटियों को सम्मान दिलवाने के लिए शुरू किया गया। ऐसे बेटियों की सेल्फी अब अपलोड हो रही हैं, जिन्होंने कुछ कर दिखाया है। वहीं ऐसे पिताओं की सेल्फी भी अपलोड हो रही हैं, जो बेटियों को बेटों के बराबर मानते हैं। इससे समाज में बेटियों के प्रति सोच बदलेगी।
- सुनील जागलान, सरपंच, बीबीपुर गांव