पूरे पंजाब में लोगों ने लोहड़ी का पर्व बेहद ही धूमधाम से मनाया। अचानक बदले मौसम और बारिश से भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। लोगों ने गिद्दा और भंगड़ा डाल त्योहार मनाया। आइए देखते हैं खूबसूरत तस्वीरें...
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को बढ़ावा देने के लिए पटियाला के आर्यंस पब्लिक स्कूल की छात्राओं और स्टाफ ने मिलकर उत्साह के साथ ‘धीयां दी लोहड़ी’ मनाई। स्कूल की प्रिंसिपल ने लोहड़ी जलाकर इसकी शुरूआत की। इस अवसर पर छात्राओं ने जमकर भंगड़ा डाला। विद्यार्थियों को मूंगफली, रेवड़ी और गजक आदि बांटा गया। समारोह में प्रिंसिपल ने कहा कि समय अब बहुत बदल चुका है। लड़कियों के प्रति लोगों की मानसिकता अब बदल रही है। अब इन्हें भी बराबरी का दर्जा दिया जा रहा है।
जालंधर के लायलपुर खालसा कॉलेज में लोहड़ी का त्योहार बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रिंसिपल डॉ. गुरपिंदर सिंह समरा के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रिंसिपल और सभी विभागों के प्रमुखों ने लोहड़ी जलाकर मूंगफली, रेवड़ी और मिठाई बांटी। समारोह के दौरान कॉलेज के संगीत विभाग के छात्रों ने लोहड़ी के गीत गाए। आयोजन के अंत में छात्रों ने गिद्दा और भंगड़ा डाला।
वहीं लुधियाना के ग्रीनलैंड स्कूल के विद्यार्थियों ने लोहड़ी का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया। इस मौके पर छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। स्कूल को पतंगों, गुब्बारों के साथ सजाया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से लोहड़ी जलाकर विद्यार्थियों को पंजाब की विरासत से अवगत कराया गया। स्कूल प्रिंसिपल डॉ. ज्योति सचदेव पुजारा ने विद्यार्थियों को प्रसिद्ध लोक गाथा दुल्ला भट्टी संबंधी जानकारी दी। डॉ. पुजारा ने कहा कि ऐसे त्यौहार मनाकर हम अपने सभ्याचार और रस्मों को जीवत और सुरक्षित रख रहे हैं। समारोह में स्कूल के सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फतेहगढ़ साहिब के बाबा बंदा सिंह बहादुर इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टाफ और विद्यार्थियों ने मिलकर लोहड़ी मनाई। इस मौके पर बाबा बंदा सिंह बहादुर आर्म्ड फोर्सिस अकादमी के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रोग्राम पेश किया और सभी लोगों में मिठाई बांटी गई। इस मौके पर कॉलेज के अलग-अलग विभागों के प्रमुख और डीन के अलावा स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे।