बैंक में आपको एक फार्म मिलेगा, जिसमें 9 तरह की जानकारियां देनी होंगी। बैंक का नाम, फिर ब्रांच का नाम डालना होगा। उसके बाद बड़े अक्षरों में अपना नाम लिखें। एक कॉलम ID प्रूफ का होगा। उसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर ID कार्ड, पासपोर्ट, नरेगा कार्ड या पैन कार्ड में से कोई एक ऑप्शन पर टिक करना होगा।
जिस भी ID प्रूफ के आगे निशान लगा रहे हैं, अगली लाइन में उस पर दर्ज आइडेंटिफिकेशन नंबर लिखना होगा। इसके बाद हाई डिनॉमिनेशन बैंक नोट्स की डिटेल्स देनी होंगी। यानी 500-1000 रुपये के कितने नोट दे रहे हैं और उनकी टोटल वैल्यू क्या है, यह बतानी होगी। टोटल वैल्यू को शब्दों में लिखना होगा।
कई बैंकों ने ATM से तय लिमिट से ज्यादा बार पैसा निकालने पर लगने वाले चार्ज को माफ करने का फैसला किया है। ICICI बैंक रात 8 बजे तक काम करेंगे। अन्य बैंक तो शनिवार रविवार को शुरू रहेंगे, लेकिन ये साफ नहीं है कि क्या डाकघर भी शनिवार-रविवार खुले रहेंगे या नहीं।
आज बैंक तो खुले हैं, लेकिन एटीएम बंद हैं। कल जब एटीएम खुलेंगे तो 500-2000 के नए नोटों के अलावा 100 और 50 रुपये के नोट भी निकल सकते हैं। ईमानदारी से घर में बचत करने वाली महिलाओं और किसानों को भी डरने की जरूरत नहीं है। वे 2.5 लाख रुपये तक बैंक में जमा करा सकते हैं।
टैक्स अथॉरिटीज सिर्फ बड़ी रकम जमा कराने वालों के पैसे के सोर्स पर नजर रखेगी। अगर पैसे का सोर्स जायज है और आप बैंक खातों के जरिए ये साबित कर सकते हैं कि ये पैसा आपने हालिया वक्त में अपने अकाउंट से ही निकाला था, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है।