ये बच्ची जब पैदा हुई तो स्वस्थ थी, लेकिन जैसे जैसे उम्र बढ़ी उसका वजन बढ़ने लगा और अब देखिए क्या हाल हो गया है। तस्वीरें काफी चौंकाने वाली है।
अमृतसर की रहने वाली चाहत नौ महीने की उम्र में ही 20 किलो की हो गई है। आमतौर में इस उम्र में बच्ची का वजन सात से दस किलो के बीच रहता है। वजन बढ़ने से परेशान उसके माता-पिता ने पहले अमृतसर में दिखाया। वहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पीजीआई ने जांच की तो पता चला कि उसके जीन में गड़बड़ है। जीन के टेस्ट बंगलूरुहोंगे। अब किस जीन में गड़बड़ी है तो उसके लिए सभी की जांच की जानी है। एक जीन की जांच में पांच हजार रुपये का खर्च आता है। इस हिसाब से जांच में काफी खर्च आना था।
ऐसे में पीजीआई ने चाहत के इलाज का खर्च उठाने का फैसला किया है। पीजीआई ने राष्ट्रीय अरोग्य निधि के तहत दो लाख रुपये मंजूर किए हैं। चाहत के सैंपल बंगलूरुस्थित लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट अगले छह हफ्ते में आएगी। उसके बाद चाहत के मम्मी-पापा के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
पीजीआई के इस कदम से चाहत के परिजन खुश हैं। वे इलाज के लिए लोगों से मांग-मांग कर रुपये इकट्ठा कर रहे थे। जब चाहत पीजीआई में दाखिल थी, तब अमर उजाला की अपील पर कई लोगों ने मदद के लिए रुपये दिए। इन रुपयों की मदद से चाहत के बेसिक टेस्ट करवाए गए थे।