एक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। सड़क पर मासूम तड़प रहे थे, आधे घंटे बाद एंबुलेंस तो पहुंची लेकिन उसने शव उठाने से इंकार कर दिया।
पंजाब के कोटकपूरा रोड बाईपास पर टीएमएच रिसोर्ट के पास हुए हादसे में चकनाचूर हुई क्रूजर में शव बुरी तरह से फंस चुके थे। उन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला गया।
हादसे के बाद गांव उदेकरण में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव से कुछ ही दूरी पर हादसा होने से तुरंत पूरा गांव ही मौके पर पहुंच गया। कुछ ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया, मगर हादसे के आधे घंटे के बाद तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस, बाबा खेत्रपाल सेवादार सोसाइटी एवं सालासर सेवा सोसाइटी के सदस्यों व आम लोगों ने मिलकर खुद ही घायलों कोे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। काफी देर बाद जब एंबुलेंस पहुंची तो उन्होंने शवों को अस्पताल ले जाने से मना कर दिया।
एंबुलेंस कर्मियों का कहना था कि वे सिर्फ घायलों को ही ले जा सकते हैं। बाद में सालासर सेवा सोसाइटी के सदस्यों की गाड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से शवों को अस्पताल ले जाया गया।