6 बैंकों की चेक बुक अमान्य होने जा रही है, वहीं इस बीच एक बड़ा फैसला लिया गया है। इसके तहत 31 दिसंबर तक लोगों को एक काम करना होगा।
दरअसल, एक अक्तूबर से देश के छह बैंकों की चेक बुक अमान्य कर दी गई थी, लेकिन इस अवधि को बढ़ा दिया गया है। अब चेकबुक 31 दिसंबर तक मान्य रहेगी, लेकिन इस तारीख तक लोगों को नई चेकबुक के लिए अप्लाई करना होगा। एक जनवरी 2018 से उन बैंकों की चेकबुक बिल्कुल बंद हो जाएगी।
ये बैंक हैं- स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ त्रवणकोर और भारतीय महिला बैंक। इसलिए एसबीआई के ग्राहक हैं तो नई चेक बुक अप्लाई कर दीजिए। इसके लिए नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम या फिर शाखा में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
दूसरी ओर, नोटबंदी के बाद चेक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) ने जिले के सभी बैंकों को चेक ट्रांजेक्शन सिस्टम (सीटीएस) से काम करने के निर्देश दिए हैं। अब चेक क्लीयरिंग के लिए भेजने के बजाय स्कैन करके दिल्ली ग्रिड को भेजे जाएंगे। दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद ही भुगतान होगा।
एनडी डुडेजा, एजीएम, एसबीआई मेन ब्रांच, रोहतक ने बताया कि इस ओटोमेशन पद्धति से चेक क्लीयर होने का कार्य 20 फरवरी से शुरू हो गया था। इसके शुरू होने से बैंक में चेक जमा होने के अगले ही दिन भुगतान हो सकेगा। वहीं, 20 मार्च से नान सीटीएस चेक (पुरानी चेकबुक) अमान्य हो गई हैं। अब खाताधारकों को नई सीटीएस चेक बुक लेनी होगी, किसी दूसरे राज्य के बैंक का चेक नहीं चलेगा।