योग गुरु बाबा रामदेव की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। दरअसल उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं, जानिए आखिर क्यों और क्या है मामला।
मामला बाबा रामदेव पर भड़काऊ भाषण देने का है। मामले में बाबा रामदेव के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कराने के लिए दाखिल याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। कोर्ट में पेश नहीं होने के कारण एसीजेएम हरीश गोयल की अदालत ने बाबा रामदेव के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। अब मामले में अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।
मामले में याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पिछली सुनवाई में बाबा रामदेव के खिलाफ जमानती वारंट जारी किए थे और उन्हें 14 जून को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिये थे, लेकिन बाबा रामदेव पेश नहीं हुए। सुनवाई के दौरान अदालत ने पिछले वारंट का स्टेटस जानने के बाद बाबा रामदेव के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।
अब पुलिस को 3 अगस्त को बाबा रामदेव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिये हैं। बता दें कि वर्ष 2016 में रोहतक की अनाज मंडी में गत वर्ष हुए सद्भावना सम्मेलन में हरियाणा के ब्रांड अंबेसडर और योग गुरु बाबा रामदेव शिरकत करने के लिए आए थे। यहां उन्होंने भारत माता की जय बोलने को लेकर मंच से विवादित बयान दिया था।
बाबा रामदेव ने कहा था कि यदि कानून आड़े न आता तो वह भारत माता की जय नहीं बोलने वाले लाखों लोगों का सिर कलम कर देते। इस बयान की वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुई थी। इस पर विरोध जताते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुभाष बतरा ने एसपी को शिकायत देकर मांग की थी कि बाबा रामदेव ने देशद्रोही बयान दिया है, इसलिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए।