महंगी बिजली को लेकर सीएम आवास घेरने जा रहे रहे आम आदमी पार्टी के वर्करों पर यूटी पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। आधे घंटे के अंदर प्रदर्शनकारियों पर पानी के दो टैंकर खाली कर दिए। कड़ाके की ठंड में भीगने के बावजूद आप कार्यकर्ता भी डटे रहे। आखिर मान ने आश्वासन दिया कि अब बैरिकेड तोड़ने की कोशिश नहीं होगी तो पानी की बौछारें बंद हो गईं। पुलिस करीब ढाई सौ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग थाने ले गई।
'आप' नेताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई की पगड़ियां उतरीं, सिर फूटे और बहा खून, देखिए तस्वीरें
आप कार्यकर्ता सुबह से ही एमएलए हॉस्टल में जुटना शुरू हो गए थे। उनकी ज्यादा संख्या को देखते हुए पुलिस हॉस्टल कॉम्प्लेक्स के दोनों गेटों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। पुलिस ने किसी को बुलाकर बात करवाने का भरोसा दिया, पर आप नेताओं ने दो-टूक कह दिया कि सीएम के अलावा किसी से बात नहीं होगी, जिसके बाद टकराव तय था। प्रदेश प्रधान भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा, विधायक अमन अरोड़ा, बलजिंदर कौर आदि ने वर्करों को संबोधित किया।
करीब ढाई बजे भगवंत मान और बिजली मोर्चा प्रभारी मीत हेयर की अगुवाई में वर्कर मेन गेट की तरफ बढ़े। मान, हेयर और विधायक जय किशन रोड़ी जैसे ही गेट पर चढ़े, पानी की बौछारें पड़ीं और तीनों नीचे गिर पड़े। मान की पगड़ी उतर गई। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। बड़ी संख्या में लोगों की पगड़ियां उतर गईं। इस बीच आप वर्करों ने वहां पड़े चार-पांच पत्थर भी उठा कर पुलिस की तरफ फेंके। लेकिन पानी की बौछारों के आगे बात नहीं बनी।
गेट पर चढ़ने वाले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठी का भी प्रयोग किया। करीब आधे घंटे तक पानी की बौछारें चलती रहीं। एक बार पानी खत्म हो गया तो दूसरा टैंकर मंगवाया गया। बौछारों की चपेट में आकर प्रदर्शनकारी गिरे, कई को चोटें भी आईं। आखिर करीब तीन बजे मान ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अब कोई बैरिकेड तोड़ने की कोशिश नहीं करेगा, तब वाटर कैनन का प्रयोग बंद किया गया। उसके बाद भीगे कपड़ों में ही मान ने वर्करों को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अकालियों की तरह ही कांग्रेस सरकार भी निजी थर्मल प्लांट प्रबंधकों से मिल गई है और बिजली समझौते रद्द नहीं कर रही।
आप इसके खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी। उसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बाहर खड़ी बसों में बिठाया और अलग-अलग थाने ले गई।
गेट पार करने में कामयाब रहे रोड़ी
पुलिस और प्रदर्शनकारियों की जद्दोजहद के बीच विधायक जयकिशन रोड़ी गेट पार करने में कामयाब हो गए। उनकी पगड़ी तो बौछारों में उतर चुकी थी, वह ऐसे ही दौड़ पड़े। पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो वह नारेबाजी करने लगे। आखिर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।