आजकल स्टार्टअप बिजनेस की ओर हर नौजवान आकर्षित हो रहा है। हर कोई अपना कारोबार शुरू कर लाखों की कमाई की जुगत में लगा है। ऐसे में हम आपको बताते हैं कि कैसे महज चंद हजार रुपए खर्च कर आप भी खोल सकते हैं अपना कारोबार-
ट्रांसलेशन सर्विसेज
आज दुनिया की सभी कंपनियां हर देश में अपने बिजनेस का विस्तार करना चाहती हैं। सोशल मीडिया के आने के बाद से तो ये ट्रेंड और भी बढ़ गया है। ऐसे में दुनिया भर में ऐसी कई कंपनियां है जो ऑनलाइन ट्रांसलेशन का काम देती हैं। इनमें से कुछ कंपनियां घंटे के हिसाब से भुगतान करती हैं, जबकि कुछ शब्दों के हिसाब से भुगतान करती हैं। अगर आपकी अंग्रेजी के साथ-साथ किसी दूसरी भाषा में पकड़ है तो ये कमाई का बढ़िया जरिया है। आप इन कंपनियों से संपर्क कर अपनी खुद की ट्रांसलेशन सर्विसेज भी शुरू कर सकते हैं और कॉलेज छात्रों और बाकी कम्युनिटीज में पार्ट टाइम जॉब मुहैया करा सकते हैं।
क्रेच सर्विस
अब तो शहरों में पति-पत्नी दोनो वर्किंग होते हैं और ऐसे में उनके छोटे बच्चों को संभालना उनके लिए सबसे बड़ी समस्या होती है। अगर आपके पास स्पेस मौजूद है तो आप बहुत ही कम खर्च में बच्चों को संभालने के लिए क्रेच खोल सकते हैं। इसके लिए आपको किसी तरह के निवेश की जरूरत नहीं होती है। दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों में एक बच्चे को संभालने के लिए 5 हजार रुपए तक महीने के मिल जाते हैं।
ड्राइविंग स्कूल
ड्राइविंग स्कूल शुरू करना एक बेहतरीन आयडिया है और देश में गाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ये बिजनेस कभी भी घाटे में नहीं रहने वाला। शहरों में तो आजकल एक भी ऐसा शख्स नहीं मिलेगा जो ड्राइविंग नहीं सीखना चाहता हो। इसके लिए आपको सिर्फ एक गाड़ी की जरुरत पड़ती है जो कि आप सेकेंड हैंड भी खरीद सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक कुछ ड्राइविंग स्कूल चलाने वाले लोग एक दिन में 8 से 10 हजार रुपए तक कमा लेते हैं। इसके लिए आपके पास ड्राइविंग लाइसेंस और अनुभव होना जरूरी है या फिर आप किसी दूसरे आदमी से भी क्लासेज दिलवा सकते हैं।
सोशल मीडिया सपोर्ट
सोशल मीडिया आजकल सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ती हुई इंडस्ट्री है। हर छोटी-बड़ी कंपनी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं और उन्हें अपने पेज मैनेज करने के लिए कुशल लोगों की जरुरत होती है। आप ऐसी एजेंसी स्टार्ट कर सकते हैं जो कंपनियों के सोशल मीडिया पेज मैनेज करने का काम करती हों। इसके लिए आपको सोशल मीडिया की जानकारी होना जरूरी है।
सेकेण्ड हैण्ड कार शॉप
भारत में कारों का बिजनेस खूब बढ़ रहा है ऐसे में नई कारों की डीलरशिप के साथ-साथ सेकंड हैंड कारों का बाजार भी डिमांड में है। आप पुरानी कारों की डीलरशिप लेकर कमिशन के आधार पर बिजनेस शुरू कर सकते हैं। डीलरशिप के अलावा भी एक्स्ट्रा कमाई कर सकते हैं। 2-3 लाख की कार पर डीलर के 10-20 हजार रुपए तक आराम से कमाए जा सकते हैं।