मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा ने सारण जिले में विकास की नई कहानी लिखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 36 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनकी अनुमानित लागत 629.18 करोड़ रुपये है। इनमें 500 बेड के नवनिर्मित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल का उद्घाटन प्रमुख है, जो जय प्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में स्थित है।
Bihar News: CM नीतीश ने दी 500 बेड के मेडिकल कॉलेज सहित 36 योजनाओं की सौगात, ये घोषणाएं भी की
Saran News: मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सारण जिले में विकास के लिए व्यापक काम किया है, लेकिन जो कमियां रह गई हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। हमारी सरकार आम जनता की समस्याओं का समाधान करने और विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विकास कार्यों में प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और पर्यटन एवं पथ निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें 16 योजनाओं का उद्घाटन और 20 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सारण जिले के विभिन्न हिस्सों में इन परियोजनाओं से लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
500 बेड के मेडिकल कॉलेज की शुरुआत
जय प्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में 500 बेड के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल का उद्घाटन किया गया। यह अस्पताल न केवल स्थानीय लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि मेडिकल छात्रों के लिए शिक्षा और शोध का केंद्र भी बनेगा। मुख्यमंत्री ने इसे जिले के विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया।
डोरीगंज से विशुनपुरा एलिवेटेड पथ का निर्माण- मुख्यमंत्री ने संवाद यात्रा के दौरान विशुनपुरा में लोगों की मांग पर डोरीगंज बाजार से विशुनपुरा तक एलिवेटेड पथ के निर्माण की घोषणा की। यह पथ राजधानी पटना और छपरा के बीच आवागमन को सुगम बनाएगा।
एनएच-19 का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण- राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-19 के छपरा सेक्शन का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कराया जाएगा। इससे पटना, छपरा, सीवान और गोपालगंज के बीच यात्रा आसान होगी।
एकमा-मशरख पथ का चौड़ीकरण- मुख्यमंत्री ने एकमा से डुमाइगढ़ और एकमा-मशरख पथ के चौड़ीकरण की घोषणा की। यह पथ भारी वाहनों के लिए सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
छपरा में नए आरओबी और वैकल्पिक मार्गों की घोषणा- मुख्यमंत्री ने छपरा शहर में सुगम आवागमन के लिए चार नए रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने की घोषणा की। भिखारी ठाकुर ढाला, जगदम कॉलेज ढाला, गड़खा ढाला और रामनगर ढाला पर आरओबी का निर्माण होगा। इसके अलावा, खैरा-बिन टोलिया पथ और सारण तटबंध पर सिंगल लेन पथ को डबल लेन में बदलने की योजनाएं भी घोषित की गईं।
सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र का विकास- मुख्यमंत्री ने सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र का समग्र विकास करने की घोषणा की। एनएच-19 से सीधे नखास क्षेत्र तक पथ चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं को सुविधा होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।