बिहार में बाबा बागेश्वर के खिलाफ प्रदर्शन: आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर जताया विरोध; पहनाई ऐसी माला
बिहार के सारण जिले के मशरक प्रखंड स्थित डुमरसन बंगरा में बाबा बागेश्वर (धीरेंद्र शास्त्री) के कथित बयान के विरोध में स्थानीय लोगों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने उनके पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर दहन किया।
विस्तार
बिहार के सारण जिले के मशरक प्रखंड अंतर्गत डुमरसन बंगरा इलाके में बाबा बागेश्वर (धीरेंद्र शास्त्री) के एक कथित बयान को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। इस कथित बयान के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया।
जूते-चप्पलों की माला पहनाकर किया पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध दर्ज कराने के लिए प्रदर्शनकारियों ने बाबा बागेश्वर के पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाई और फिर उसे सार्वजनिक रूप से आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले प्रतिष्ठित लोगों को हमेशा मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।
सावधानी बरतने और सामाजिक सौहार्द पर जोर
विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि धर्म, समाज और विभिन्न समुदायों से जुड़े संवेदनशील विषयों पर टिप्पणी करते समय अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इस तरह के बयानों से समाज का ताना-बाना बिगड़ सकता है और आपसी तनाव तथा मतभेद पैदा होने का खतरा रहता है। वक्ताओं ने जोर दिया कि सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द हर हाल में बना रहना चाहिए।
ये भी पढ़ें- छठ पर रेलवे का तोहफा: बिलासपुर से छपरा के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन; जानें तारीख और टाइमिंग
शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जताया रोष
स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मार्च निकालकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उनका मानना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपने विचार रखने के अधिकार के साथ एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। समाज में शांति, कानून-व्यवस्था और भाईचारा बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन और मार्च में राहुल यादव, अमित यादव, रंजन यादव, चंदन कुशवाहा और अनिल यादव सहित क्षेत्र के दर्जनों स्थानीय लोग और युवा शामिल रहे।