रोहतास जिले के धौड़ांड़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 बुधवार सुबह एक बड़े हादसे का गवाह बना। तड़के करीब चार बजे कंचनपुर के पास डीजल से भरे एक टैंकर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे के बाद दोनों वाहनों में भयानक आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा टैंकर में जा धंसा और घर्षण के कारण आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में दोनों वाहनों को आग की लपटों ने घेर लिया और पूरे राजमार्ग पर अफरातफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- Accident Today: कार में बैठे शख्स की गर्दन कट गई, नेशनल हाइवे पर आगे चल रही जुगाड़ गाड़ी पर लदा चदरा नहीं दिखा
दमकल की कई गाड़ियों दो घंटे बाद पाया आग पर काबू
आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू हुआ। चूंकि टैंकर में डीजल भरा हुआ था, इसलिए आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन करीब दो घंटे की अथक मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
2 of 3
डीजल टैंकर और ट्रेलर की भीषण टक्कर में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
गैस टैंकर तक नहीं पहुंची आग, टला बड़ा हादसा
इस हादसे में एक बड़ी राहत की बात यह रही कि आग ट्रेलर में लदे गैस टैंकर तक नहीं पहुंची। अगर गैस टैंकर आग की चपेट में आ जाता, तो यह हादसा कहीं ज्यादा खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता था। आग सिर्फ टैंकर और ट्रेलर के इंजन व सामने के हिस्से तक सीमित रही।
एनएच पर जाम से वाहनों की लगी लंबी कतारें
हादसे और भीषण आग की वजह से एनएच-19 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने एहतियातन अपने वाहनों को रोक दिया। कुछ देर के लिए राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। हालांकि जैसे ही आग बुझाई गई और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, बोरिंग के छप्पर से गमछे के सहारे लटका मिला शव; हत्या की आशंका
3 of 3
डीजल टैंकर और ट्रेलर की भीषण टक्कर में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने संभाला मोर्चा, नहीं हुई जनहानि
धौड़ांड़ थाने के सहायक थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब चार बजे कंचनपुर के पास यह टक्कर हुई, जिसके बाद आग लग गई। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सौभाग्यवश इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पा लिया गया है और यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कर दिया गया है।