पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह रफ्तार ने एक और जान ले ली। गौरीचक बाजार के पास पुनपुन नदी पर बने पुल की रेलिंग तोड़कर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर सीधे लगभग 100 फीट नीचे गहरी ढलान में जा गिरा। जोरदार धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में मौके की ओर दौड़े। जहां मिट्टी और कीचड़ में ट्रैक्टर के परखच्चे बिखरे पड़े थे और चालक का शरीर अचेत पड़ा था।
अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तोड़ी सुरक्षा रेलिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर पुनपुन नदी की दिशा में तेजी से जा रहा था। गौरीचक बाजार के मोड़ पर वाहन अचानक डगमगाया, नियंत्रण छूटते ही वह लोहे की रेलिंग को चीरता हुआ नीचे जा गिरा। ट्रैक्टर के साथ उस पर सवार चालक अशोक कुमार पासवान (52) निवासी दीदारगंज के कोटिया गांव भी नीचे आ गिरा। भारी मशीनरी के नीचे दबे अशोक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कीचड़ में लथपथ शव को स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद देख पाया और तत्काल पुलिस को सूचित किया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मेरी मामी जब भी ऑपरेशन करती हैं, बेटा ही होता है… कहते हुए भांजे ने OT का वीडियो बनाकर किया वायरल
2 of 3
पुनपुन नदी पुल पर भीषण सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने शव निकाला, भीड़ में फैली दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही गौरीचक थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल कर नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की। हादसे की सूचना मिलते ही पुल और आसपास का इलाका उत्सुक भीड़ से भर गया। लोग बिखरे हुए ट्रैक्टर के हिस्सों और क्षतिग्रस्त रेलिंग को देख कर हादसे की भयावहता का अनुमान लगा रहे थे।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर चालक का नियंत्रण खोना प्रतीत होता है। दुर्घटना के विस्तृत कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और संबंधित दस्तावेजों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पुल पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और गति सीमा के पालन की सख्त व्यवस्था की मांग की है, ताकि पुनपुन नदी पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़ें- Bihar: अब सरकारी शिक्षक बना डॉक्टर, सोशल मीडिया पर इलाज की तस्वीरें वायरल; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
3 of 3
पुनपुन नदी पुल पर भीषण सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
अशोक कुमार पासवान परिवार के कमाऊ सदस्य थे। हादसे की खबर जैसे ही कोटिया गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों के आंसू थम नहीं रहे, जबकि गांव के लोग स्तब्ध हैं कि रोजमर्रा के श्रम में लगे एक साधारण ट्रैक्टर चालक पर रफ्तार ने कैसा कहर ढाया। प्रशासन की मानें तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।