आमतौर पर लोग सोचते हैं कि स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल यानी एसयूवी बेहद पावरफुल होती हैं, और किसी भी तरह के उबड़खाबड़ रास्तों पर चल सकती हैं। यहां तक कि दलदली मिट्टी और बर्फ पर भी इन्हें चलने में कई परेशानी होती है। लेकिन इनमें से एक बात बिल्कुल सही है कि एसयूवी पावरफुल होती हैं लेकिन हर तरह के रास्तों पर चल सकती हैं, ये सही नहीं है। केवल 4X4 ड्राइव सिस्टम वाली एसयूवी ही इस तरह के रास्तों पर चल सकती हैं। देश में बिक रही हर एसयूवी 4X4 नहीं है, जानते हैं 4X4 ड्राइव एसयूवी के बारे में...
ऑफरोडिंग के लिए इन SUV के 2WD वैरिएंट की मत करना सवारी, नहीं तो लगाने पड़ जाएंगे धक्के!
टोयोटा फॉर्च्यूनर
बात करते हैं देश की प्रीमियम स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल टोयोटा फॉर्च्यूनर के बारे में कहा जाता है कि यह ऑफरोडिंग के बेस्ट है। लेकिन फॉर्च्यूनर के सारे वैरिएंट ऑफरोडिंग के लिए नहीं बने हैं। टोयोटा अपनी इस एसयूवी में ए-ट्रैक यानी एक्टिव ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम देती है, लेकिन अगर आप इसका 4X2 ड्राइव वाला वैरिएंट ले रहे हैं, तो आप ऑफरोडिंग को भूल जाइए। यहां तक कि हल्की बर्फ की सतह पर भी 4X2 फॉर्च्यूनर फेल है, आप कतई इसे ऑफरोडिंग के लिए इस्तेमाल न करें। इसके पेट्रोल और डीजल वैरिएंट में 4X4 ड्राइव का ऑप्शन मिलता है, जिसके पेट्रोल ऑटोमैटिक वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 30.25 लाख और डीजल की एक्स-शोरूम कीमत 32.34 लाख रुपये से शुरू है।
टाटा हैरियर
टाटा मोटर्स ने अब सभी गाड़ियों में ऑल व्हील ड्राइव और 4X4 ड्राइव सिस्टम देना बंद कर दिया है। यहां तक कि हाल ही में लॉन्च टाटा हैरियर में भी 4X4 ड्राइव का सिस्टम नहीं दिया गया है। टाटा का कहना है कि 4X4 ड्राइव वैरिएंट की बिक्री बेहद कम यानी कुल बिक्री से एक फीसदी से भी कम है। इससे पहले टाटा सफारी में 4X4 ड्राइव सिस्टम मिलता था। वहीं टाटा ने इसकी जगह पर ट्रैक्शन कंट्रोल बेस्ड टेरैन रेस्पॉन्स सिस्टम दिया है। लेकिन यह हार्डकोर ऑफरोडिग में कामयाब नहीं है, हल्की बर्फ वाली परत या मामूली दलदली इलाके में यह सिस्टम फेल है।
फोर्स गुरखा एक्सट्रीम
फोर्स मोटर्स ने अब फोर्स वन बनानी बंद कर दी है। वहीं कंपनी अब केवल फोर्स गुरखा एक्सट्रीम बना रही है। गुरखा एक्सट्रीम 4X2 और 4X4 ड्राइव सिस्टम के साथ आती है। गुरखा रेन फॉरेस्ट चैलेंज 2014-15 और 16 में भी अव्वल आ चुकी है। हार्डकोर ऑफरोडिंग में इसका कोई मुकाबलला नहीं है। वहीं फोर्स वन एसयूवी काफी कामयाब रही थी, लेकिन इसका 4X2 ड्राइव सिस्टम वैरिएंट ज्यादा पॉपुलर था। गुरखा एक्सट्रीम की एक्स-शोरूम कीमत 13 लाख रुपये से शुरू है।
महिंद्रा स्कॉर्पियो
18 साल बाद आज भी स्कॉर्पियों देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में भरोसेमंद ब्रांड है। महिद्रा स्कॉर्पियों 4X2 और 4X4 ड्राइव सिस्टम के साथ आती है, लेकिन केवल एक ही वैरिएंट S11 है जो फोर व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आता है। चूंकि 4X4 ड्राइव सिस्टम की बिक्री बेहद कम है, इसलिए कंपनी केवल एक ही वैरिएंट में इस फीचर को दे रही है। 4X4 स्कॉर्पियो की एक्स-शोरूम कीमत 15.99 लाख रुपये से शुरू है। लेकिन ध्यान रहे कि 4X2 सिस्टम वाली स्कॉर्पियो को ऑफरोडिंग के लिए इस्तेमाल करने से बचें।