किया इंडिया का बड़ा अपडेट: शुरू हुई कार्निवल हाइब्रिड और कैरेंस सीएनजी की प्री-बुकिंग, क्या-क्या हुए बदलाव?
किआ इंडिया ने भारतीय ऑटो बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने कल यानी 10 सितंबर से कैरेंस क्लेविस सीएनजी और प्रीमियम कार्निवल लिमोजीन हाइब्रिड की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक देशभर में किआ के अधिकृत डीलरशिप नेटवर्क के जरिए इन तीनों गाड़ियों को बुक कर सकते हैं। इन नए मॉडल्स में सीएनजी और हाइब्रिड पावरट्रेन के विकल्प मिलेंगे। आइए जानते हैं इनकी बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी...
विस्तार
किया इंडिया ने भारतीय बाजार में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए तीन नए मॉडलों की प्री-बुकिंग शुरू करने की घोषणा की है। इनमें एमपीवी कैरेंस सीएनजी, कैरेंस क्लेविस सीएनजी और कंपनी की फ्लैगशिप कार्निवल लिमोजीन हाइब्रिड शामिल हैं। ग्राहकों के लिए ध्यान देने बात यह है कि ये केवल साधारण कॉस्मेटिक बदलाव वाले मॉडल नहीं हैं। सीएनजी वेरिएंट्स में बोल्ट-ऑन किट के बजाय फैक्ट्री-फिटेड डेडिकेटेड कैलिब्रेशन और चेसिस ट्यूनिंग की गई है। वहीं दूसरी ओर, कार्निवल हाइब्रिड के साथ किया ने भारतीय बाजार में अपना पहला इलेक्ट्रीफाइड पावरट्रेन पेश किया है।
कैरेंस और क्लेविस सीएनजी: फैक्ट्री-फिटेड किट और चेसिस में बदलाव
कैरेंस और क्लेविस के सीएनजी मॉडल कंपनी के मौजूदा G1.5 6MT (6-स्पीड मैनुअल) पेट्रोल इंजन पर आधारित हैं। इनमें अलग से कोई सीएनजी -ओनली मोटर नहीं जोड़ी गई है।
- फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी व टैंक: दोनों ही गाड़ियों में 60-लीटर की क्षमता वाला फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी टैंक दिया गया है।
- ब्रेकिंग व सस्पेंशन ट्यूनिंग: सीएनजी टैंक के अलावा वजन को संतुलित करने के लिए सस्पेंशन को दोबारा ट्यून किया गया है। बेहतर ब्रेकिंग के लिए 16-इंच व्हील्स के साथ 16-इंच डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं।
- इंटीरियर व डिस्प्ले: कार के केबिन में सीएनजी-टू-पेट्रोल फ्यूल चेंज स्विच जोड़ा गया है। इसके अलावा इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में 4.2-इंच का कलर टीएफटी डिस्प्ले मिलता है, जो विशेष रूप से सीएनजी के लिए डिस्टेंस-टू-एम्प्टी रीडिंग दिखाता है।
- थर्ड-रो सीट में सुधार: थ्री-रो कारों में बूट में टैंक लगे होने की वजह से तीसरी पंक्ति के आराम से समझौता करना पड़ता था। इस समस्या को हल करने के लिए किया ने थर्ड-रो सीट-बैक फ्रेम को दोबारा डिजाइन किया है, जिससे रियर पैसेंजर्स को बेहतर रीक्लाइन एंगल और कम्फर्ट मिलता है।
ट्रिम विकल्प:
- कैरेंस सीएनजी: यह प्रीमियम (O) ट्रिम में उपलब्ध होगी। इसका एम-ड्राइव ट्रिम विशेष रूप से कमर्शियल और B2B खरीदारों के लिए आरक्षित रखा गया है।
- क्लाविस सीएनजी: यह आम खरीदारों के लिए HTE और HTE(O) ट्रिम्स में मिलेगी, जबकि इसका एचटीएम वेरिएंट कमर्शियल उपयोग के लिए रहेगा।
किया कार्निवल लिमोजीन हाइब्रिड: लग्जरी और ग्रीन पावरट्रेन का कॉम्बिनेशन
किया कार्निवल का नया हाइब्रिड मॉडल पूरी तरह से शॉफर-ड्रिवन यानी ड्राइवर की ओर से संचालित और प्रीमियम फैमिली ड्राइविंग अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
- इंजन व गियरबॉक्स: इसमें 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिया गया है, जो छह-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है। यह पावरट्रेन केवल टॉप-स्पेक लिमोजीन प्लस ट्रिम में ही उपलब्ध कराया गया है।
- एक्सटीरियर व कंफर्ट: इसमें 18-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, एयरोडायनामिक्स के लिए एक्टिव एयर फ्लैप्स, और एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) डिस्प्ले वाला इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर दिया गया है।
- शांति और सेफ्टी: हाइब्रिड पावरट्रेन शांत होने की वजह से पैदल चलने वालों को सचेत करने के लिए इसमें वर्चुअल इंजन साउंड सिस्टम (VESS) जोड़ा गया है।
- रियर पैसेंजर एग्जीक्यूटिव फीचर्स: पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए रिट्रैक्टेबल व हाइट-एडजस्टेबल सीटबैक टेबल्स दी गई हैं, जिनमें बिल्ट-इन वायरलेस चार्जिंग की सुविधा मौजूद है।
ग्राहकों को किन बातों का ध्यान देना चाहिए?
- किआ इंडिया ने इन तीनों मॉडल्स की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल इनकी आधिकारिक कीमतों का खुलासा नहीं किया गया है। मौजूदा किआ कैरेंस की शुरुआती कीमत 11.11 लाख (एक्स-शोरूम) है, लेकिन सीएनजी वेरिएंट की कीमत इससे कितनी अधिक होगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
- ऐसे में फिलहाल सबसे अहम बात यह है कि कंपनी ने कीमत घोषित करने से पहले ही इन मॉडल्स की बुकिंग शुरू कर दी है। खरीदारों को बुकिंग से पहले संबंधित वेरिएंट, बुकिंग की शर्तों और अनुमानित ऑन-रोड कीमत की जानकारी अपने नजदीकी किआ डीलर से जरूर लेनी चाहिए।