BMW (बीएमडब्ल्यू) ने गुरुवार को भारतीय बाजार में नई X3 Facelift (एक्स3 फेसलिफ्ट) एसयूवी को लॉन्च करने का एलान किया। लेटेस्ट मॉडल X3 xDrive30i SportX Plus ट्रिम के लिए कीमतें 59.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती हैं। जबकि X3 xDrive30i M Sport की कीमत 65.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। नई कार पहले से ज्यादा आकर्षक और नए लुक के साथ आई है। नई कार में ज्यादा मॉडर्न फीचर्स और अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है।
इस कार को भारत में स्थानीय रूप से दो पेट्रोल वैरिएंट में बनाया जाएगा। यह कार गुरुवार से सभी अधिकृत बीएमडब्ल्यू डीलरशिप पर उपलब्ध कराया जाएगी। नई X3 के डीजल वैरिएंट को बाद के चरण में लॉन्च किया जाएगा।
इंजन और स्पीड
नई BMW X3 कार में 2.0-लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 1,450 - 4,800 rpm पर 185 kW / 252 hp का अधिकतम पावर और 350 Nm का अधिकतम टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन 8-स्पीड ऑटोमैटिक स्टेपट्रॉनिक स्पोर्ट ट्रांसमिशन के साथ आता है। यह कार सिर्फ 6.6 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। कार की टॉप स्पीड 235 किमी प्रति घंटा है।
फीचर्स
नई BMW X3 एसयूवी में व्यक्तिगत इलेक्ट्रॉनिक रूप से नियंत्रित डैम्पर्स के साथ एडाप्टिव सस्पेंशन के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा, इसमें स्टीयरिंग व्हील पैडल शिफ्टर्स, ब्रेकिंग फंक्शन के साथ क्रूज कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक के साथ ऑटोमैटिक डिफरेंशियल ब्रेक (ADB) स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं। यह बीएमडब्ल्यू परफॉर्मेंस कंट्रोल सिस्टम से भी लैस है जो पहियों के लक्षित ब्रेकिंग द्वारा वाहन की स्थिरता को बढ़ाता है।
सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के लिए, कार 6 एयरबैग, अटेंशन असिस्टेंस, डायनेमिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (DSC) जैसे फीचर्स के साथ आती है। जिसमें कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल (CBC), ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक, साइड-इम्पैक्ट प्रोटेक्शन, इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल इम्मोबिलाइजर और क्रैश सेंसर, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंटिंग और लोड फ्लोर के नीचे इंटीग्रेटेड इमरजेंसी स्पेयर व्हील शामिल है।
कंपनी की उम्मीदें
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने कहा, "नई विकसित तीसरी पीढ़ी की बीएमडब्ल्यू एक्स3 यहां प्रीमियम मध्यम आकार के एसएवी सेगमेंट में मॉडल की शानदार सफलता को जारी रखने के लिए आई है। नई डिजाइन और ड्राइविंग परफॉर्मेंस BMW X3 को एक शानदार और व्यावहारिक कार बनाते हैं जो ऑन और ऑफ-रोड पर चुस्त-दुरुस्त है। आप पावरफुल ड्राइव, स्पोर्टी डायनामिक्स और आराम के विशिष्ट संयोजन के रोमांच और आनंद का अनुभव करेंगे। अपनी स्वतंत्रता और व्यक्तित्व के साथ, नया X3 असीमित एक्शन में पैक है और हर जगह हर चीज के लिए है।"