Monsoon Driving Tips: बारिश में ड्राइविंग के दौरान लापरवाही हो सकती है खतरनाक, जानें काम की बातें
कार सर्विसिंग
आम दिनों की तुलना में बारिश के मौसम में वाहन में ज्यादा खराबी आने की संभावना रहती है। ऐसे में मॉनसून में ड्राइविंग से पहले अपनी कार की सर्विस जरूर कराएं। इससे भारी बारिश के दौरान ड्राइविंग करने पर भी आपको कार के खराब होने का डर नहीं सताएगा।
ब्रेक
बरसात के मौसम में ब्रेक को कोई कैसे भूल सकता है। हालांकि, हमें ब्रेक की जांच तो हमेशा करवानी चाहिए। लेकिन बरसात के मौसम में कार के ब्रेक की जांच करवाना बेहद जरूरी है। दरअसल बरसात के मौसम में सड़कों पर ब्रेक लगाना थोड़ा मुश्किल होता है। ब्रेक सही समय पर लगे इसके लिए जरूरी है कि ब्रेक की जांच नियमित तौर पर कराएं।
टायर
बरसात में ड्राइविंग के दौरान कार के स्लिप होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए मॉनसून की शुरुआत में ही अपनी कार के टायर का ग्रिप चेक करवाना चाहिए। अगर कार का टायर घिस गया है, तो इसे तुरंत बदल दें। दरअसल बरसात में सड़कें गीली होती हैं, जिससे गाड़ी के फिसलने का खतरा काफी बढ़ जाता है। वहीं, बरसात के मौसम में कीचड़ और गड्ढों में भरे पानी के कारण कार के पुराने पहिए आपको परेशानी में डाल सकते हैं।
जरूरी टूल्स
बरसात के मौसम में आपकी गाड़ी में जरूरी टूल्स और सामान मौजूद रहने चाहिए। अपनी कार में मेडिकल किट, यूएसबी चार्जर, टॉर्च, रस्सी, पावर बैंक के साथ जरूरी औजार जरूर रखें। इसके अलावा गाड़ी के अंदर चिप्स, बिस्किट जैसे स्नैक्स के पैकेट भी रखें। अगर आपकी गाड़ी कहीं बीच रास्ते में खराब हो जाए, तो आपके पास मदद बुलाने और लंबा समय गुजारने के लिए कुछ खाने पीने का सामान और जरूरी उपकरण होने चाहिए।