अगर आप अपनी गाड़ी को लंबे समय तक अपने पास रखना चाहते हैं, तो आपको उसके ब्रेक्स का भी ध्यान रखना जरूरी है। ड्राइविंग का सही अंदाज आपकी गाड़ी के ब्रेक्स जल्दी घिसने से बचा सकता है। वहीं कुछ टिप्स को अपना कर गाड़ी के ब्रेक्स की लाइफ बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे आप कुछ टिप्स अपना कर गाड़ी के ब्रेक्स की लाइफ बढ़ा सकते हैं...
अगर बढ़ाना चाहते हैं अपनी कार के ब्रेक्स की लाइफ, तो इन तरीकों से बचा सकते हैं हजारों रुपये
ठंडा रखें
अगर आपको बार-बार बेवजह ब्रेक लगाने की आदत है, या आप किसी पहाड़ी रास्ते पर सफर कर रहे हैं, तो बार-बार ब्रेक लगाने से ब्रेक सिस्टम गर्म हो जाता है। वहीं जाम की स्थिति में भी बार ब्रेक लगाने से ब्रेक पैड और ब्रेक शू गर्म हो जाते हैं। इससे पार्ट्स की उम्र कम होती रहती है। साथ ही ब्रेक जल्दी खराब भी हो सकते हैं। ऐसे में आपको ब्रेक के तापमान को नीचे लाने की कोशिश करना होगा। इसके लिए आप या तो कुछ देर तक कार रोक सकते हैं या फिर खाली सड़क पर कार दौड़ाएं, जिससे ठंडी हवा ब्रेक से गुजरेगी तो ब्रेक सिस्टम जल्दी ठंडा होगा।
गाड़ियों से बनाएं पर्याप्त दूरी
अगर आगे चलने वाली गाड़ी के बेहद करीब अपनी गाड़ी ड्राइव करेंगे, तो ब्रेक लगाने की ज्यादा अवश्यकता पड़ेगी। वहीं, आप जितने ज्यादा ब्रेक लगाएंगे उतने जल्दी ब्रेक घिसेंगे। इसके लिए जरूरी है कि आप आगे चल रही गाड़ियों से डिस्टेंस बना कर चलें।
दूर तक रखें नजर
कार ड्राइव करते समय जितनी दूर की नजर रहेगी, उतनी बढ़िया ड्राइविंग होगी। लेकिन ज्यादातर ड्राइवर गाड़ी चलाते वक्त करीब नजर रखते हैं। नजदीक नजर रखने से कई बार हादसे की संभावना बनी रहती है। नजर दूर रहेगी तो कंट्रोल करने का वक्त भी उतना ज्यादा मिलेगा। ट्रैफिक लाइट्स को आप दूर से देख पाएंगे और टाइमिंग के हिसाब से स्पीड सेट कर लेंगे।
गियर डाउन करने के फायदे
गाड़ी की स्पीड को कम करने के लिए गियर को भी उसी अनुपात में डाउन करें। इसका फायदा यह होगा कि गियर बॉक्स पर बुरा असर नहीं होता। इसके बाद कार प्रभावी ढंग से धीमी भी हो जाती है। तेजी से ब्रेक लगाने से बचना चाहिए। इसेस ब्रेक तो कम घिसेंगे ही, साथ ही टायर भी कम रगड़ खाएंगे।