मंगल आज रात्रि 08 बजकर 37 मिनट पर अपनी उच्चराशि मकर की यात्रा समाप्त करके कुंभ राशि में प्रवेश कर रहे हैं। इस राशि में ये 18 जून की रात्रि 08 बजकर 13 मिनट तक रहेंगे, उसके बाद मीन राशि में प्रवेश कर जायेंगे। इनके राशि परिवर्तन का आपकी राशि पर कैसा प्रभाव पड़ेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि- राशि से लाभ भाव में मंगल का गोचर आपके सभी अरिष्टों का शमन करेगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत है। फिर भी विवादों को आपस में सुलझा लें तो बेहतर रहेगा। दैनिक व्यापारियों के लिए समय और भी अनुकूल है। अपनी जिद और आवेश पर नियंत्रण रखें, परिवार के वरिष्ठ सदस्यों अथवा बड़े भाइयों से मतभेद न पैदा होने दें। मंगल की संतान भावपर दृष्टि शिक्षा के क्षेत्र में सफलता एवं संतान के दायित्व की पूर्ति करेगी।
वृषभ राशि- राशि से दशम कर्मभाव में मंगल का गोचर पद और गरिमा के वृद्धि कराएगा। किसी भी तरह की प्रशासनिक सर्विस हेतु आवेदन करने की दृष्टि से ये गोचर अवसर अनुकूल रहेगा। माता पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें और यात्रा सावधानीपूर्वक करें, दुर्घटना से बचें। जमीन जायदाद से जुड़े हुए मामलों का निपटारा होगा। किसी अन्य महंगी वस्तु का भी क्रय कर सकते हैं फिर भी कार्य क्षेत्र में उच्चाधिकारियों से मधुर संबंध बनाए रखें। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के योग।
मिथुन राशि- राशि से भाग्य भाव में मंगल का गोचर मिलाजुला फल देगा यद्यपि, धर्म-कर्म के मामलों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे सामाजिक कार्यों पर खर्च भी करेंगे फिर भी कई बार आपका कार्य होते होते रह जाएगा। इसे महज ग्रहयोग समझकर निराशा को अपने ऊपर हावी न होने दें और अपने कार्य में निरंतरता बनाए रखें। मंगल की दृष्टि आपके पराक्रम भाव पर है अतः अपनी उर्जा शक्ति का भरपूर उपयोग करते हुए कार्य करें तो सफलता और अधिक मिलेगी।
कर्क राशि- राशि से अष्टम भाव में मंगल का गोचर बहुत शुभ नहीं कहा जा सकता। कार्यक्षेत्र में षड्यंत्र का शिकार होने से बचें और आपसी मतभेद ना पैदा होने दें। अपने वरिष्ठ अधिकारियों एवं सदस्यों से मेलजोल बनाकर रखें। स्वास्थ्य विशेषकर रक्त एवं नेत्र विकार प्रति चिंतनशील रहें। यात्रा सावधानीपूर्वक करें, दुर्घटना से बचें। मंगल की दृष्टि धन भाव पर है जिसके प्रभाव स्वरूप आर्थिक रूप से मजबूती बनी रहेगी। किसी महंगी वस्तु की खरीदारी करेंगे।