Maharashtra: 2024 का सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य बना महाराष्ट्र; ठाणे में आईफोन नहीं दिलाने पर युवक ने की खुदकुशी
महाराष्ट्र को 2024 के लिए सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार एग्रीकल्चर टुडे द्वारा बुधवार को राज्य सरकार को दिया गया। यह पुरस्कार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और नितिन गडकरी ने दिया है। इस मौके पर शिंदे ने कहा कि मैं एक किसान का बेटा हूं और मुझे महाराष्ट्र के लाकों किसानों की ओर से यह पुरस्कार लेते हुए बेहद खुशी हो रही है। महाराष्ट्र हमेशा क्रांति करने के लिए जाना जाता है। फिर चाहें वह औद्योगिक, हरित, श्वेत, सूचना या फिर प्रसारण क्रांति हो।
ठाणे में आईफोन नहीं दिलाने पर युवक ने कर ली खुदकुशी
नवी मुंबई में एक युवक ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली क्योंकि उसके पिता ने उसे आईफोन नहीं दिलाया। घटना कामोठे इलाके की है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि संजय वर्मा (18) ने सोमवार देर रात अपने घर में फांसी लगा ली। एफआईआर के मुताबिक, उसे लगभग 1.5 लाख रुपये का आईफोन चाहिए था, लेकिन उसके पिता ने उसे सस्ता फोन खरीद कर दे दिया, जिससे वह उदास हो गया और बाद में उसने अपनी जीवनलीला ही समाप्त कर ली। एक अधिकारी ने बताया कि आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Nashik: 80 वर्षीय महिला की घर में हत्या
नासिक के पंचवटी इलाके में एक 80 वर्षीय महिला की उसके घर में हत्या कर दी गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान गुलमोहर कॉलोनी निवासी कुसुम सुरेश एकबोटे के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने कहा कि बुजुर्ग पिछले तीन-चार साल से किराए के फ्लैट में रह रही थी।
Nashik: बस ने पांच साल की बच्ची को कुचला, मौत
महाराष्ट्र के नासिक शहर में बुधवार को स्थानीय नागरिक परिवहन की एक बस ने पांच साल की एक लड़की को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के समय बच्ची के दादा भी साथ में थे, जो कि घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि बच्ची अपने दादा के साथ घर जा रही थी, तभी बस ने टक्कर मार दी और बच्ची की मौत हो गई।