{"_id":"6b06e0c37afb56c5eb0b698c","slug":"protest-intensifies-against-bajrang-power-in-ghughuti-umaria-news-c-1-1-noi1225-4969732-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"उमरिया: बजरंग पावर के खिलाफ घुनघुटी में जनआक्रोश, अधिकारियों के सामने भी नहीं पिघला ग्रामीणों का रुख","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उमरिया: बजरंग पावर के खिलाफ घुनघुटी में जनआक्रोश, अधिकारियों के सामने भी नहीं पिघला ग्रामीणों का रुख
Wed, 25 Nov 2026 11:31 PM IST
उमरिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
Published by: उमरिया ब्यूरो
Updated Wed, 25 Nov 2026 11:31 PM IST
सार
जनपत के घुनघुटी गांव में बजरंग पावर कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर बातचीत की, लेकिन ग्रामीण मांगों पर अड़े रहे। आंदोलनकारियों ने कंपनी की सड़क पर पौधारोपण किया और तालाब बहाली, सड़क हटाने तथा दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
विज्ञापन
उमरिया में आंदोलनरत ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जंगल, जल और जमीन के संरक्षण को लेकर ग्राम पंचायत घुनघुटी में बजरंग पावर कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। कई दिनों से जारी धरना और मशाल जुलूस के बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों को भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत करनी पड़ी। हालांकि, अधिकारियों की समझाइश के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने कंपनी की गतिविधियों और उन्हें मिली अनुमतियों से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।
विज्ञापन
अधिकारियों से मांगा कंपनी की अनुमति का ब्योरा
धरना स्थल पर तहसीलदार नितेश सिंह, एसडीएम मीनाक्षी बंजारे, एसडीओ दिगेंद्र सिंह पटेल और एसडीओपी ललित गठरे पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर आंदोलन समाप्त करने की समझाइश दी। इस दौरान ग्रामीणों ने कंपनी की गतिविधियों और उनके लिए जरूरी अनुमतियों से जुड़े सवाल उठाए। आंदोलनकारी अर्जुन सिंह मार्को के मुताबिक, ग्रामीणों ने अधिकारियों से कंपनी के दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत करने की मांग की, लेकिन उन्हें दिखाने के लिए दो दिन का समय मांगा गया। ग्रामीणों का सवाल है कि कंपनी किन अनुमतियों और शर्तों के तहत काम कर रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- 'लाडली बहना योजना की राशि से अंडा-मुर्गा खाओ': भाजपा विधायक का अनोखा बयान,महिलाओं से कहा- वोट कमल को देना
विज्ञापन
कंपनी की सड़क पर पौधे लगाकर जताया विरोध
बुधवार को आंदोलनकारियों ने बजरंग पावर कंपनी की ओर से बनाई गई सड़क पर पौधारोपण कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने इसे जंगल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों को प्रभावित करने वाली गतिविधियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। जंगलों के साथ ही जल स्रोतों और स्थानीय लोगों की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
तालाब की बहाली, सड़क हटाने और नल चालू करने की मांग
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में कथित तौर पर पाटे गए तालाब को हटाकर उसकी पुरानी स्थिति बहाल करना, कंपनी की बनाई सड़क को हटाना और बंद नल को दोबारा चालू कराना शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण कंपनी से संबंधित दस्तावेज भी सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।आंदोलनकारियों का कहना है कि तालाब और जल स्रोत स्थानीय जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनके स्वरूप या उपयोग में बदलाव किया गया है, तो उसकी अनुमति और प्रक्रिया की जानकारी सामने आनी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगों की जांच कर ठोस कार्रवाई करने की बात कही है।
350 पेड़ काटे जाने का दावा, अनुमति की आधिकारिक पुष्टि जरूरी
इस बीच चर्चा है कि बजरंग पावर कंपनी को करीब 1000 से 1200 पेड़ों की कटाई की अनुमति मिली है और इनमें से लगभग 350 पेड़ काटे जा चुके हैं। हालांकि, अनुमति और पेड़ों की कटाई से जुड़े इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित दस्तावेजों से होना बाकी है। आंदोलनकारियों की मांग है कि वन विभाग और प्रशासन संबंधित अनुमतियां सार्वजनिक करें, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
दो दिन बाद दस्तावेजों पर रहेगी नजर
मशाल जुलूस से शुरू हुआ आंदोलन अब धरने, पौधारोपण और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत तक पहुंच गया है। अधिकारियों की ओर से दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए मांगे गए दो दिन अब महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे केवल मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। उनकी मांग है कि कंपनी की गतिविधियों और उठाए गए सवालों की जांच कर दस्तावेजी आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाए।

