{"_id":"6aa3fa78b5cf8f832b0b298d","slug":"missing-youth-found-dead-after-three-days-family-suspects-murder-umaria-news-c-1-1-noi1225-4712207-2026-09-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"उमरिया क्राइम: फोन पर बात करते निकला युवक, तीन दिन बाद गांव में मिला शव; हत्या की आशंका से उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उमरिया क्राइम: फोन पर बात करते निकला युवक, तीन दिन बाद गांव में मिला शव; हत्या की आशंका से उठे सवाल
Fri, 11 Sep 2026 10:56 PM IST
उमरिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
Published by: उमरिया ब्यूरो
Updated Fri, 11 Sep 2026 10:56 PM IST
सार
उमरिया के मजमानी खुर्द में तीन दिन से लापता दीपक यादव का शव गांव के पास जंगलनुमा इलाके में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव पर चप्पल और तार मिलने से सवाल उठे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोबाइल संपर्क समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू की है।
विज्ञापन
Crime news
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उमरिया जिले के मजमानी खुर्द गांव में तीन दिन से लापता युवक दीपक यादव का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दीपक 8 सितंबर की रात करीब 9 बजे मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर से निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के साथ पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई थी।
विज्ञापन
शुक्रवार को दीपक का शव गांव में एक घर से करीब 50 मीटर दूर जंगलनुमा इलाके में मिला। शव मिलने की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी, मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि शव के ऊपर चप्पल और तार भी मिले हैं, जिसके कारण उन्हें मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर उमरिया जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और युवक की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- खाकी के घर सेंधमारी: ट्रैफिक ACP के मकान में घुसे चोर, पुश्तैनी जेवरात-नकदी समेत 10 लाख का माल लेकर फरार
आखिरी बार फोन पर किससे बात कर रहा था दीपक
मामले में एक महत्वपूर्ण जानकारी यह भी सामने आई है कि दीपक किसी लड़की से मोबाइल फोन पर बातचीत करता था। परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात भी वह मोबाइल पर बात करते हुए ही घर से निकला था। इसके बाद वह कहां गया और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। युवक के मोबाइल फोन से हुई बातचीत और उसके संपर्क में रहे लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सकती है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर से निकलने के बाद दीपक किन लोगों के संपर्क में था और घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।
परिजनों ने उठाए सवाल, जांच से खुलेगा मौत का राज
दीपक के पिता नत्थूलाल यादव ने बताया कि उनका बेटा 8 सितंबर की रात मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। काफी तलाश के बाद अब उसका शव गांव में ही एक घर के पास मिला है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। एसडीओपी पीएस परस्ते ने बताया कि मजमानी खुर्द में एक युवक का शव मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों द्वारा युवक के किसी लड़की से फोन पर बात करने की जानकारी भी पुलिस को दी गई है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आने की उम्मीद है।
