{"_id":"677a9edd517b2e8a510ee24f","slug":"ujjain-news-cm-gave-names-to-gajnikhedi-jahangirpur-and-maulana-villages-2025-01-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ujjain News:मौलाना हो गया विक्रम नगर,गजनी खेड़ी बन गया चामुंडा माता, सीएम मोहन यादव ने बदल दिए नाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ujjain News:मौलाना हो गया विक्रम नगर,गजनी खेड़ी बन गया चामुंडा माता, सीएम मोहन यादव ने बदल दिए नाम
Sun, 05 Jan 2025 08:32 PM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sun, 05 Jan 2025 08:32 PM IST
सार
मुख्यमंत्री ने 40 करोड़ रुपये लागत के सीएम राइज स्कूल और 7 उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया। 3500 करोड़ रुपये की लागत से बड़नगर में औद्योगिक इकाई और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा की। प्रदेश में 4 लाख करोड़ रुपये निवेश प्रस्तावों से 3 लाख से अधिक रोजगार सृजित होंगे।कई गांवों के नाम बदलने की भी घोषणा की गई है।
विज्ञापन
बड़नगर में आम सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री मोहन यादव।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गजनी खेड़ी पंचायत का नाम अब चामुंडा माता, जहांगीरपुर अब जगदीशपुर तथा मौलाना गांव का नाम विक्रम नगर से परिवर्तित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में ग्रामों के नाम परिवर्तन की घोषणा की। इसके अलावा देश के पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के द्वारा बड़नगर के स्कूल में शिक्षा प्राप्त की गई थी। अब इस सीएम राईज स्कूल का नाम अब भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन जिले के बड़नगर में आम सभा को संबोधित करते हुए कही।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़नगर में 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत के नवनिर्मित सी एम राइस स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही बड़नगर कृषि उपज मंडी परिसर में 4 करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं तीन करोड़ रुपये से अधिक लागत के 7 उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया।
विज्ञापन
पार्वती-चंबल-काली सिंध नदी का लाभ बड़नगर को भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्वती-चंबल-काली सिंध नदी जोड़ो योजना का लाभ बड़नगर को भी मिलेगा। शासन के औद्योगीकरण के प्रयासों से बड़नगर में भी बड़े औद्योगिक समूह द्वारा 3500 करोड़ रुपये की लागत से फैक्ट्री स्थापित जाएगी। मुख्यमंत्री ने बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना शीघ्र करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में औद्योगिकरण के लिए इस वर्ष चार लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। निवेश से प्रदेश में तीन लाख से अधिक व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। राज्य शासन एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रहा है। उसके लिए विज्ञापन जारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
महिदपुर को भी भव्य तीर्थ का रूप दिया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं से संबंधित प्रदेश के उज्जैन सांदीपनि आश्रम, जानापाव, अमझेरा आदि स्थानों को तीर्थ क्षेत्र बनाया जा रहा है। इसी प्रकार उज्जैन के महिदपुर को भी भव्य तीर्थ का रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रदेश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 70 हजार करोड़ रुपये की चंबल पार्वती काली सिंध नदी जोड़ो योजना का लाभ देपालपुर, बड़नगर, शिवपुरी, इंदौर, रतलाम, मंदसौर, देवास, गुना आदि जिलों एवं स्थानों को मिलेगा।
5 वर्षों में प्रदेश का बजट 7 लाख करोड़ का होगा
औद्योगीकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापक औद्योगीकरण की दिशा में कार्य करते हुए प्रत्येक संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। आगामी दिनों शहडोल में आयोजित की जाने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 5 वर्षों में प्रदेश का बजट 7 लाख करोड़ का होगा। प्रदेश में लगातार नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इस वर्ष 14 और नवीन मेडिकल कॉलेज प्रदेश में खोले जाएंगे। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन मैं वृद्धि कर 20% किया जाएगा। अब शासन दुग्ध क्रय पर बोनस भी देगा। प्रदेश में गोवंश संरक्षण संवर्धन के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहां की शासन 10 से अधिक गाय पालन करने वालों को अनुदान देगा। प्रदेश के नगर निगम बड़ी नगर पालिकाओं में दस दस हजार गोवंश क्षमता की बड़ी गौशालाएं बनाई जा रही हैं। गोवंश पालन का संपूर्ण खर्च शासन उठाएगा, साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में गीता भवन भी बनवाये जा रहे हैं।
