{"_id":"6a561ec6e9defc666808729c","slug":"ujjain-navodaya-tragedy-2-students-drown-parents-ask-how-did-they-leave-hostel-ujjain-news-c-1-1-noi1228-4500162-2026-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ujjain News: हॉस्टल से निकले दो छात्र नहीं लौटे, तालाब में मिले दोनों के शव; सुरक्षा पर उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ujjain News: हॉस्टल से निकले दो छात्र नहीं लौटे, तालाब में मिले दोनों के शव; सुरक्षा पर उठे सवाल
Tue, 14 Jul 2026 05:40 PM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Tue, 14 Jul 2026 05:40 PM IST
सार
प्रज्ञान 10वीं में पढ़ रहा था। रौशन कक्षा 9वीं का छात्र था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। टीआई का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद यदि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
नवोदय विद्यालय के तालाब में डूबे 2 छात्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में लापता हुए दो किशोर छात्रों के शव मंगलवार को स्कूल परिसर से सटे तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना के बाद विद्यालय में शोक का माहौल है, वहीं छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मृतक छात्रों की पहचान प्रज्ञान विमल (15) पुत्र नरेश विमल और रोशन बरेठा (14) पुत्र मुकेश बरेठा के रूप में हुई है।
विज्ञापन
घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि प्रज्ञान मूल रूप से भिंड का निवासी था। उसके पिता का निधन हो चुका है। बड़ी बहन की जवाहर नवोदय विद्यालय में अनुकंपा नियुक्ति हुई थी और वह अपने दोनों भाई-बहनों के साथ परिसर में ही रहती थी। वहीं रोशन के पिता मुकेश बरेठा विद्यालय की मैस में हेल्पर हैं।
विज्ञापन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों छात्र सोमवार शाम बिना किसी को बताए स्कूल परिसर से लगे तालाब (डबरी) में नहाने चले गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर स्कूल प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
पढे़ं: मध्य प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 265 निरीक्षक बने DSP; 12 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे विद्यालय की बाउंड्री से लगे तालाब में प्रज्ञान का शव पानी में उतराता मिला। ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला गया। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 21 घंटे बाद दूसरे छात्र रोशन का शव भी तालाब से बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र सोमवार रात हॉस्टल से लापता हो गए थे। कमरों में नहीं मिलने पर स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्रों के साथियों से पूछताछ की। अब नाइट रोल कॉल, वार्डन की निगरानी और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरी तरह आवासीय परिसर से दो नाबालिग छात्र रात में बाहर कैसे निकल गए।
प्रज्ञान अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता के निधन के बाद बड़ी बहन को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और उसी के साथ रहकर वह कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहा था। रोशन कक्षा 9वीं का छात्र था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी करण खोवाल का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर यदि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
