Ujjain News: महाकाल की शरण में भारतीय महिला क्रिकेट टीम, आईसीसी वर्ल्ड कप जीतने के लिए मांगा आशीर्वाद
भारतीय महिला क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से मुकाबले के लिए इंदौर पहुंची। कप्तान हरमनप्रीत कौर सहित टीम ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दर्शन कर जीत का आशीर्वाद मांगा। रविवार को होने वाला मैच सेमीफाइनल की उम्मीदों के लिए निर्णायक माना जा रहा है।
विस्तार
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम इंदौर आ चुकी है। अब 19 अक्टूबर को इंग्लैंड से भारतीय टीम का मुकालबा होगा। भारतीय टीम वनडे विश्व कप में अपने पिछले दो मैच हार चुकी है, लेकिन वह अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में शामिल है। यह टीम हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में इंदौर आई। बुधवार सुबह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल की भस्म आरती की और बाबा महाकाल से आईसीसी वर्ल्ड कप जीतने का आशीर्वाद मांगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी एवं कोचिंग स्टाफ के सदस्यों ने बुधवार प्रातःकाल श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित भस्म आरती में सम्मिलित होकर भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि भारतीय टीम के प्रमुख सदस्यों में कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, श्री चरणी सहित अन्य खिलाड़ी एवं कोचिंग सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एसएन सोनी द्वारा भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
ये भी पढ़ें- कलेक्टर के सामने महिला को घसीटा, इस बात की शिकायत करने आई थी, जिलाधीश बोले- आप हमें ब्लैकमेल कर रहे
महाकाल की भक्ति में लीन नजर आई, नियमों का भी किया पालन
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने बुधवार सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे नंदी हॉल से बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन करती दिखाई दीं। उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन अर्चन किया और उसके साथ ही माथे पर तिलक लगवाकर ताली बजाकर बाबा महाकाल की भक्ति में लीन रहीं। भस्म आरती देखने के दौरान उन्होंने घूंघट प्रथा का पालन करते हुए बाबा महाकाल को भस्म अर्पित करते हुए इन नियमों का पालन भी किया।
रविवार को इंग्लैंड के साथ होगा भारतीय टीम का मुकाबला
बताया जाता हुआ कि बुधवार को प्रैक्टिस सेशन रहेगा। रविवार को इंग्लैंड के साथ भारतीय टीम का मुकाबला होगा। भारत को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो 19 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाला मैच जीतना होगा। इंग्लैंड के साथ होने वाले इस मैच में भारतीय टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। अब टीम के लिए एक भी हार बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकती है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी भस्म आरती में हुई शामिल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी
