Ujjain News : रीलबाजी बन गई आफत, पुलिस ने पकड़ा तो हाथ जोड़कर मांगी माफी; क्राइम ब्रांच ने सिखाया सबक
MP News In Hindi : कुछ युवा पुलिस को गालियां देते हुए अपनी झांकी जमाने में लगे हुए थे लेकिन पुलिस ने इन लोगों को तुरंत पकड़ा लिया। अब खुद को तीस मार खान समझने वाले यह लोग गिड़गिड़ाकर माफी मांग रहे हैं।
विस्तार
उज्जैन में रीलबाजी का खुमार समस्या बन चुकी है। अब डर नहीं लगता... गुनाहों के खेल से, मेरा बाप जानता है कैसे छुड़वाना है छोरे को... एक ही दिन में सेंट्रल जेल से। “शराफत से जी ले अपनी जिंदगी, ये बदमाशी तेरे कुछ काम नहीं आएगी। भाई, जितने लोग खड़े हैं न, हमसे महफिल में तुझे बचाने 112 नंबर की गाड़ी भी नहीं आएगी।”
यह कोई शेरो-शायरी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील के वे डायलॉग हैं, जिन पर एक्टिंग करते हुए कुछ युवा पुलिस को गालियां देते हुए अपनी झांकी जमाने में लगे हुए थे। लेकिन पुलिस ने इन लोगों को तुरंत पकड़ लिया, तो सोशल मीडिया पर खुद को “तीस मार खान” समझने वाले ये युवक गिड़गिड़ाकर माफी मांगने लगे।
विक्की राठौर ने पोस्ट किया था वीडियो
विराट नगर में रहने वाले 19 साल के अभिषेक चौहान और विक्की राठौर ने इंस्टाग्राम पर करीब एक हफ्ते पहले एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों युवक पुलिस को गालियां दे रहे थे और चुनौती दे रहे थे कि यदि पुलिस उन्हें जेल भेजेगी, तो उनके पिता उन्हें छुड़ा लेंगे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और क्राइम ब्रांच ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- कफ सिरप कांड: मां-बाप समझते रहे बड़ी बीमारी, पर दवा ही बनी जहर; दबे पांव आई मौत ने कलेजे के टुकड़ों को लीला
मामला दर्ज
पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों को सख्ती से समझाया, जिसके बाद दोनों माफी मांगते नजर आए। दोनों युवकों का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पुलिस हिरासत में हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गलत किया और अब से ऐसी हरकत नहीं करेंगे। चिमनगंज थाना पुलिस ने दोनों युवकों पर मामला दर्ज कर लिया है।
