{"_id":"6abc83b80027ad1d60097eb4","slug":"19-year-old-daughter-of-police-official-abducted-in-ujjain-miscreants-drag-her-into-black-kia-ujjain-news-c-1-1-noi1228-4781323-2026-09-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"उज्जैन: घर के बाहर से युवती को उठा ले गए बदमाश, अपहरण के बाद सामने आया वीडियो, बोली- अपनी मर्जी से साथ आई हूं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उज्जैन: घर के बाहर से युवती को उठा ले गए बदमाश, अपहरण के बाद सामने आया वीडियो, बोली- अपनी मर्जी से साथ आई हूं
Wed, 30 Sep 2026 10:53 AM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Wed, 30 Sep 2026 10:53 AM IST
सार
उज्जैन में युवती के अपहरण के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वारदात के कुछ घंटे बाद उसका और मुख्य आरोपी का वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों ने अपनी मर्जी से जाने और शादी करने की बात कही है। पुलिस अब युवती की बरामदगी और उसके बयान का इंतजार कर रही है।
विज्ञापन
अपहरण के बाद युवक युवती ने जारी किया वीडियो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर के लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस की क्रेन चलाने वाले ड्राइवर की 19 वर्षीय बेटी रात करीब 8 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार से आए दो युवकों ने उसे कथित तौर पर जबरन कार में बैठाया और फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और युवती की तलाश शुरू की गई। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
इसी बीच वारदात के कुछ घंटे बाद युवती और मुख्य आरोपी ध्रुव का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उन्होंने अपने परिजनों को भेजा है। वीडियो में दोनों अपनी मर्जी से जाने और शादी करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ध्रुव कहता है कि युवती अपनी मर्जी से उसके साथ आई है। वह पिछले चार साल से लड़की के संपर्क में है। उसका कहना है कि दोनों अपनी इच्छा से घर से गए हैं और उनके परिजनों पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: भोपाल में तेल से भरा टैंकर पलटा, सड़क पर बहा सोयाबीन तेल; डिब्बे लेकर पहुंचे लोग
विज्ञापन
वहीं युवती भी वीडियो में किसी तरह की जबरदस्ती से इनकार करती नजर आ रही है। हालांकि उसने यह भी बताया कि जब वह कार में बैठ रही थी, तब एक महिला ने पीछे से उसका हाथ पकड़ा था और युवक ने उसे खींचा था। युवती ने वीडियो में इसे गलत नीयत से की गई हरकत नहीं बताया है। दोनों ने वीडियो में कहा है कि वे दो से तीन दिन के भीतर खुद पुलिस या कोर्ट के सामने पेश हो जाएंगे।
बहरहाल युवती की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवती के बरामद होने और उसके पुलिस के समक्ष बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
