फिल्म में हीरो बनने के लिए किया युवक का अपहरण
ग्वालियर के महाराजपुरा क्षेत्र से अपहृत किए गए छात्ररामेंद्र गुर्जर का अपहरण करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों से फिरौती की रकम 16 लाख रुपये भी बरामद हुए। हालांकि दो आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
बदमाशों ने पुलिस को बताया कि छात्र का अपहरण फिल्मों में अपना करिअर बनाने के लिए पैसों की जरूरत के मद्देनजर किया था। अपहर्ता कुछ छोटी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गत दो फरवरी को देहली पब्लिक अकादमी स्कूल के पांच वर्षीय छात्ररामेंद्र गुर्जर का अपहरण करने वाले सतीश गुर्जर और उसके साथी बादल दुबे को गिरफ्तार किया।
फिरौती की रकम 16 लाख रुपये भी बरामद
सतीश इस पूरी वारदात का मास्टर माइंड था। उन्होंने बताया कि आरोपी बॉलीवुड में भाग्य आजमाना चाहते थे। वे अर्जुन नागर की आने वाली फिल्म ‘यंगस्टर’ में अच्छा रोल चाहते थे। इसी के लिए पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने अपहरण कर पैसे हासिल किए।
इन पैसों से उन्होंने अर्जुन नागर की फिल्म के शेयर भी खरीदे हैं। पुलिस अब अर्जुन नागर को भी पूछताछ के लिए लाएगी। सतीश के साथ बादल दुबे भी रुपहले पर्दे पर किस्मत आजमाना चाहता था।
