{"_id":"6a8e50395067782301081b4a","slug":"son-in-law-arrested-for-murdering-mother-in-law-after-she-refused-to-register-land-in-his-name-singrauli-news-c-1-1-noi1509-4652325-2026-08-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिंगरौली में जमीन के लालच में सास का कत्ल: दामाद निकला कातिल, गमछे से गला घोंटकर रची साजिश, अब हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिंगरौली में जमीन के लालच में सास का कत्ल: दामाद निकला कातिल, गमछे से गला घोंटकर रची साजिश, अब हिरासत में
Wed, 26 Aug 2026 08:23 AM IST
सिंगरौली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली
Published by: सिंगरौली ब्यूरो
Updated Wed, 26 Aug 2026 08:23 AM IST
सार
जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम नहीं करने से नाराज दामाद ने अपनी ही सास का गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी और पुलिस के पास जाकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की शिकायत दर्ज करा दी। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद दामाद की इस करतूत का खुलासा हुआ।
विज्ञापन
पुलिस की हिरासत में आरोपी दामाद
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले की बरगवां थाना पुलिस ने ग्राम मझगवां में हुई अधेड़ महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दामाद ने जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम नहीं करने से नाराज होकर सास की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को शाम करीब 4 बजे ग्राम मझगवां स्थित आरोपी के घर में 52 वर्षीय भानमती यादव पति मथुरा यादव की मौत हो गई थी। घटना के बाद 22 अगस्त को आरोपी राजेन्द्र प्रसाद यादव पिता सुखनन्दन यादव उम्र 40 वर्ष निवासी मझगवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास भानमती यादव की अज्ञात कारणों से मौत हो गई है। महिला की मौत संदिग्ध होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। डॉक्टरों की टीम से पीएम कार्रवाई कराई गई तथा वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। जांच के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
विज्ञापन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राजेन्द्र प्रसाद यादव की पहली पत्नी की मृत्यु हो जाने के बाद बच्चों की देखरेख के लिए उसने वर्ष 2025 में भानमती यादव की पुत्री सोनमती यादव को प्रेम संबंध के बाद पत्नी बनाकर अपने साथ रखा था। भानमती भी अपनी बेटी सोनमती और दामाद राजेन्द्र के साथ ही रहती थी। बताया गया कि भानमती का जमीन संबंधी कोई विवाद चल रहा था। आरोपी राजेन्द्र चाहता था कि सास अपनी जमीन उसके नाम रजिस्ट्री कर दे। पुलिस के अनुसार भानमती द्वारा जमीन राजेन्द्र के नाम नहीं करने पर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। करीब चार-पांच वर्ष पहले भानमती को लकवे का अटैक भी आया था, जिसके बाद वह चल-फिर नहीं पाती थी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: कटनी जमीन सौदा मामला: नेहा पच्चीसिया की अग्रिम जमानत पर फैसला 29 अगस्त को, तीन घंटे चली बहस; SIT की जांच तेज
जमीन अपने नाम नहीं होने से नाराज राजेन्द्र ने 22 अगस्त की सुबह सास भानमती को घर में अकेला पाकर गमछे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मामले को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने अज्ञात कारणों से मौत होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में मामले की बारीकी से जांच की गई। एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी एवं बरगवां थाना प्रभारी अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी राजेन्द्र प्रसाद यादव से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने सास की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 24 अगस्त को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त गमछा जब्त किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया। अंधी हत्या के खुलासे में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, उपनिरीक्षक सूरज सिंह, श्यामबिहारी द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रामनिवास यादव, राजबहोर रावत, विपिन तोमर एवं आरक्षक महेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
