{"_id":"6a93e4dcdc536e98b502a0c8","slug":"two-youths-created-a-high-voltage-drama-at-a-liquor-shop-in-shivpuri-broke-bottles-and-even-scuffled-with-the-police-shivpuri-news-c-1-1-noi1454-4666754-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"एमपी: शिवपुरी में शराब दुकान में दो युवकों का हाईवोल्टेज ड्रामा, बोतलें तोड़ीं, पुलिस से भी की हाथापाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एमपी: शिवपुरी में शराब दुकान में दो युवकों का हाईवोल्टेज ड्रामा, बोतलें तोड़ीं, पुलिस से भी की हाथापाई
Sun, 30 Aug 2026 04:19 PM IST
शिवपुरी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
Published by: शिवपुरी ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 04:19 PM IST
सार
शिवपुरी के कमलागंज थाना क्षेत्र में नशे में धुत दो युवकों ने सरकारी शराब दुकान में जमकर हंगामा किया। रवि जाटव और अजय जाटव ने ग्राहकों से मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
विज्ञापन
शराब की दुकान में 2 युवकों का हाईबॉल्टेज ड्रामा
विस्तार
शिवपुरी शहर के कमलागंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो युवकों ने नशे में धुत होकर शराब दुकान में जमकर हंगामा कर दिया। दोनों ने न सिर्फ दुकान के बाहर लोगों से मारपीट की, बल्कि दुकान के अंदर घुसकर शराब की बोतलों को तोड़-फोड़ दिया। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों उपद्रवियों को बड़ी मुश्किल से काबू में किया।
विज्ञापन
घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। जानकारी के मुताबिक कमलागंज के थीम रोड पर स्थित सरकारी शराब दुकान पर दो युवक पहुंचे। युवकों की पहचान कमलागंज निवासी रवि जाटव और अजय जाटव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नशे की हालत में थे।
विज्ञापन
दुकान पर पहुंचते ही दोनों ने पहले बाहर खड़े ग्राहकों और राहगीरों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वे और उग्र हो गए और सीधे शराब दुकान के काउंटर के अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही दोनों ने वहां रखी शराब की बोतलों को उठा-उठाकर जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। बोतलें टूटने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: कटनी की निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया पर शिकंजा, विदेश भागने की आशंका में लुकआउट नोटिस की तैयारी
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को समझाने और बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए। दोनों ने पुलिस वैन में बैठने से भी इंकार कर दिया और जमकर विरोध किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और थाने लेकर पहुंची। हैरानी की बात यह रही कि इतने बड़े हंगामे और नुकसान के बाद भी शराब दुकान के सेल्समैन या संचालक की ओर से किसी तरह की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। शायद विवाद बढ़ने के डर से दुकानदार ने शिकायत करने से परहेज किया।
हालांकि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। शांति व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने के आरोप में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। रवि जाटव और अजय जाटव पर शांति भंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रविवार को दोनों आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा करने या आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया गया। इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर बिना किसी कारण के दोनों युवकों ने इस तरह का हंगामा क्यों किया।
