Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Shahdol: Elephants Return to Bandhavgarh After a Century, 50-70 Now Roam Forests; 125 Villages on Alert

शहडोल: एक सदी बाद बांधवगढ़ में गजराज का ठिकाना, बाघों के जंगल में हाथियों की स्थायी वापसी, 70 तक पहुंची संख्या

Wed, 11 Nov 2026 08:35 AM IST
शहडोल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल Published by: शहडोल ब्यूरो Updated Wed, 11 Nov 2026 08:35 AM IST
सार

करीब एक सदी बाद बांधवगढ़ वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की स्थायी मौजूदगी दर्ज हो रही है। छत्तीसगढ़ से आए झुंड के बाद अब यहां 50 से 70 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनके संरक्षण और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग हर तरह से निगरानी कर रहा है।

विज्ञापन
Shahdol: Elephants Return to Bandhavgarh After a Century, 50-70 Now Roam Forests; 125 Villages on Alert
जंगलों में विचरण करते हाथी।

विस्तार

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अब तक बाघों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध रहा है लेकिन बीते कुछ वर्षों में यहां की पहचान में एक और अध्याय जुड़ गया है। करीब एक सदी बाद मध्य भारत के इस वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की स्थायी वापसी हुई है। वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ की ओर से आए हाथियों के झुंड ने बांधवगढ़ के जंगलों को अपना ठिकाना बनाया। अब बांधवगढ़ और आसपास के वन परिदृश्य में करीब 50 से 70 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। जंगलों में गजराजों की चिंघाड़ और उनके झुंड की आवाजाही इस बात का संकेत है कि मध्यप्रदेश का यह वन क्षेत्र अब बाघों के साथ हाथियों का भी महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास बन रहा है।

विज्ञापन


हाथियों की यह वापसी केवल वन्यजीवों की संख्या बढ़ने की कहानी नहीं है, बल्कि मध्यभारत के उस प्राकृतिक इतिहास के दोबारा जीवंत होने का उदाहरण भी है, जिसमें कभी हाथियों का बड़ा कुनबा विचरण करता था। हालांकि इनके साथ मानव-हाथी संघर्ष की चुनौती भी बढ़ी है। इसे देखते हुए वन विभाग ने रेडियो कॉलर, गजरक्षक एप, हाथी मित्र दल और वैज्ञानिक निगरानी जैसी व्यवस्थाएं विकसित की हैं।
विज्ञापन


छत्तीसगढ़ से आए झुंड ने बनाया ठिकाना
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार वर्ष 1920 के आसपास मध्यप्रदेश में हाथियों की स्थायी जंगली आबादी समाप्त हो गई थी। इसके बाद लगभग एक सदी तक इस क्षेत्र में हाथियों का प्राकृतिक विचरण देखने को नहीं मिला। वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ की ओर से शहडोल वन परिदृश्य होते हुए करीब 30 से 35 हाथियों का झुंड बांधवगढ़ पहुंचा। हाथियों ने पनपथा बफर क्षेत्र से होते हुए पतौर, खितौली और बिरुहली के जंगलों में आवाजाही शुरू की। यहां पर्याप्त पानी, वनस्पति और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण मिलने से झुंड का ठहराव बढ़ता गया। अब बांधवगढ़ के साथ संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व और बाणसागर बैकवॉटर के आसपास भी हाथियों की आवाजाही देखी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: इंदौर: पति-पत्नी की मौत से उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, गार्डन से लौटे बच्चों ने देखा मां-पिता का शव; एक गिरफ्तार

कभी मध्यभारत के जंगलों में था हाथियों का साम्राज्य
ऐतिहासिक दस्तावेजों में ओडिशा से बस्तर, बुंदेलखंड और बघेलखंड होते हुए मध्यप्रदेश के जंगलों तक हाथियों की मौजूदगी के उल्लेख मिलते हैं। मुगलकालीन इतिहासकार अबुल फजल ने भी मालवा और इलाहाबाद सहित कई क्षेत्रों में हाथियों की उपलब्धता का जिक्र किया है। उस दौर में हाथियों का उपयोग युद्ध, परिवहन और राजसी वैभव के लिए होता था। जंगलों की कटाई, कृषि विस्तार, शिकार और हाथियों को पकड़ने की गतिविधियों ने धीरे-धीरे उनकी संख्या घटा दी। परिणामस्वरूप मध्यभारत से उनकी स्थायी आबादी समाप्त हो गई। अब बांधवगढ़ में उनकी वापसी को प्राकृतिक विरासत के पुनर्जीवन के रूप में देखा जा रहा है।

दस हाथियों की मौत ने संरक्षण व्यवस्था को झकझोरा
हाथियों की वापसी के बीच 29 अक्टूबर 2024 को बांधवगढ़ के खितौली और पतौर रेंज की सीमा पर एक दुखद घटना हुई। एक झुंड के दस हाथियों की मौत हो गई। जांच में हाथियों के पेट में बड़ी मात्रा में बिना पचा कोदो पाया गया। फोरेंसिक जांच में कोदो की फसल में पनपने वाली फफूंद से उत्पन्न साइक्लोपियाजोनिक एसिड नामक विषाक्त पदार्थ की पुष्टि हुई। जांच में कीटनाशकों की मौजूदगी नहीं मिली। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में खड़ी कोदो की फसल नष्ट कराई गई और हाथियों के संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए राज्य स्तरीय हाथी टास्क फोर्स गठित करने की पहल की गई। इस घटना ने साफ कर दिया कि हाथियों के संरक्षण के लिए जंगलों के साथ आसपास के कृषि क्षेत्रों की निगरानी भी जरूरी है।

रेडियो कॉलर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर
हाथियों की बढ़ती आवाजाही और मानव बस्तियों तक पहुंचने की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने वैज्ञानिक निगरानी शुरू की है। नवंबर 2024 में एक संघर्ष-प्रवण नर हाथी को जीपीएस/वीएचएफ रेडियो कॉलर लगाया गया। इसमें भारतीय वन्यजीव संस्थान और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया का तकनीकी सहयोग मिला। इसके बाद अन्य नर हाथियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। रेडियो कॉलर से हाथियों की लोकेशन, उनके विचरण क्षेत्र और आवाजाही के रास्तों की जानकारी मिलती है। अब झुंड की मुखिया मादा को भी कॉलर लगाने की तैयारी है, ताकि पूरे झुंड की गतिविधियों का बेहतर आकलन किया जा सके।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: भोपाल-इंदौर मेट्रो में 12 नवंबर से स्मार्ट कार्ड की सुविधा, हर यात्रा पर मिलेगी 25% छूट

125 गांवों के ग्रामीणों तक पहुंच रही हाथियों की लोकेशन
हाथियों की मौजूदगी से प्रभावित गांवों में लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए वन विभाग ने गजरक्षक मोबाइल एप शुरू किया है। इसके माध्यम से बांधवगढ़ लैंडस्केप के 125 से अधिक गांवों के 2500 से ज्यादा ग्रामीणों को जोड़ा गया है। हाथियों की लोकेशन साझा कर संभावित खतरे की सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाई जाती है। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष से पूर्वी मध्यप्रदेश के सात हाथी प्रभावित जिलों की जानकारी जुटाई जाती है। रेडियो बुलेटिन और व्हाट्स एप ग्रुपों के माध्यम से भी अलर्ट जारी किए जाते हैं।


हाथी मित्र दल संभाल रहे ग्रामीणों की सुरक्षा
मानव-हाथी संघर्ष कम करने के लिए प्रभावित गांवों में हाथी मित्र दल बनाए गए हैं। इनमें स्थानीय लोगों और प्रशिक्षित वनकर्मियों को शामिल किया गया है। हाथियों की सूचना मिलने पर ये दल गांवों में पहुंचकर लोगों को सतर्क करते हैं। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, जंगल में अनावश्यक प्रवेश से बचने और अचानक सामना होने पर सुरक्षित व्यवहार करने की जानकारी दी जाती है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों और वन्यजीवों के बीच टकराव कम करना है।

हाथियों की इस वापसी ने वन्यजीव संरक्षण की संभावनाएं बढ़ाई हैं लेकिन इनके प्राकृतिक आवास और आवाजाही के गलियारों को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। वहीं फसलों और मकानों को होने वाले नुकसान पर समय पर मुआवजा, प्रभावी चेतावनी व्यवस्था और ग्रामीणों का भरोसा भी महत्वपूर्ण है।

बांधवगढ़ की बदलती तस्वीर अब केवल बाघों तक सीमित नहीं है। करीब एक सदी बाद गजराजों की वापसी ने मध्यप्रदेश के जंगलों को नई पहचान दी है। जरूरत इस बात की है कि संरक्षण और मानव सुरक्षा के बीच संतुलन बनाकर इस प्राकृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed