Shahdol News: पिता की हत्या के बाद गुमसुम रहने लगी थीं मानसी, फांसी लगाकर की आत्महत्या, पड़ताल में जुटी पुलिस
सिंहपुर थाना क्षेत्र के उधिया गांव में 19 वर्षीय मानसी चौधरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 14 महीने पहले उसकी मां ने पिता की हत्या की थी, जिसके बाद मानसी मानसिक सदमे में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
सिंहपुर थाना क्षेत्र के उधिया गांव में 19 वर्षीय मानसी चौधरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 14 महीने बाद सामने आई जब उसकी मां ने ही उसके पिता प्रभु चौधरी की हत्या की थी। मृतक प्रभु की पत्नी ने 14 माह पहले गला घोटकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद से मानसी गहरे मानसिक सदमे में थी। पिता की हत्या के बाद उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन कुछ महीने पहले ही वह जमानत पर रिहा हुई थी।
बीती रात मानसी ने खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी। जब सुबह उसकी छोटी बहन ने दरवाजा खटखटाया, तो वह नहीं खुला। दरवाजा खोलने पर मानसी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। छोटी बहन की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच के दौरान यह पाया कि मानसी अपने पिता की हत्या के बाद मानसिक तनाव में थी, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ी थी।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, क्योंकि एक ही परिवार में दो गंभीर घटनाएं हुई हैं। पुलिस अब इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह कदम मानसिक दबाव के चलते तो नहीं उठाया गया।
